वाराणसी : एलआईसी की महिला अधिकारी से 15 लाख की धोखाधड़ी, पिता-पुत्र के साथ तीन पर मुकदमा दर्ज 

 

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
 
वाराणसी। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की एक महिला अधिकारी के साथ 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में गुरुवार को  मंडुवाडीह पुलिस ने पहाड़ी निवासी विनोद कुमार सिंह और उसके बेटे अखिलेश सिंह और स्टाफ मार्कंडेय यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। 

लंका थाना अंतर्गत साकेत नगर निवासी किरन गुप्ता भेलूपुर स्थित एलआईसी कार्यालय में अधिकारी हैं। किरन के अनुसार मंडुवाडीह थाने के पहाड़ी निवासी विनोद कुमार सिंह उनके ऑफिस में आता-जाता रहता था। इसी वजह से उससे संपर्क हुआ और फिर पारिवारिक मित्रता भी हो गई।

आरटीजीएस और चेक के माध्यम से दिए 15 लाख
वर्ष 2014 में विनोद ने उनसे कहा कि उसे पैसे की जरूरत है। यदि वह उसे 15 लाख रुपए दे दें तो वह मड़ौली स्थित अपनी जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम पर करने को तैयार है। तब विनोद के साथ उसका बेटा अखिलेश सिंह और मार्कंडेय यादव भी मौजूद थे। विनोद पर भरोसा करते हुए किरन ने आरटीजीएस और चेक के माध्यम से विनोद को 15 लाख रुपए दिए। इसके बदले में 50 रुपए के स्टांप पर लिखापढ़ी हुई और विनोद ने उन्हें एक चेक भी दिया। 

किरन ने बताया कि लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी ना तो पैसे वापस मिले और ना ही उक्त जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम पर नहीं हुई। इस पर उन्होंने विनोद को अपने घर बुलाकर पैसा लौटाने को कहा। तब विनोद ने कुछ और समय देने के लिए कहा। पारिवारिक संबंध होने के कारण वह भी मान गई। इसके बाद शुरू हुआ टाममटोल का 2022 तक जारी रहा। किरन ने बताया कि बीते अप्रैल में विनोद ने जमीन के कागजात दिए।

उन कागजात को सदर तहसील में चेक कराने पर पता लगा कि वह जमीन विनोद के नाम नहीं बल्कि उसकी पत्नी के नाम है। इस तरह से विनोद ने उनसे झूठ बोला था कि जमीन उसके नाम पर है। विनोद से जब उन्होंने फिर अपने पैसे की मांग की तो वो, अखिलेश और मार्कंडेय उन्हें देख लेने की धमकी देने लगे। इस संबंध में मंडुवाडीह थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

यह भी पढ़ें :  वाराणसी : मोहनसराय में टेस्ट ड्राइव करने के बहाने कार लेकर भागे युवक को पुलिस ने दबोचा , कार भी बरामद