धोनी की कप्तानी में गेंदबाजों को पूरी आजादी मिलती है: मुरलीधरन

धोनी की कप्तानी में गेंदबाजों को पूरी आजादी मिलती है: मुरलीधरन

Newspoint24.com/newsdesk/

नयी दिल्ली । चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व श्रीलंकाई स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि वह गेंदबाज पर भरोसा जताते हैं और उनकी कप्तानी में गेंदबाजों को गेंदबाजी करने की पूरी आजादी मिलती है।

मुरलीधरन धोनी के नेतृत्व में चेन्नई के लिए आईपीएल के छह सत्रों में खेल चुके हैं। धोनी की कप्तानी में खेलने के अपने अनुभव को साक्षा करते हुए मुरलीधरन ने कहा कि अगर गेंदबाज की गेंद में छक्का भी पड़ता है तो धोनी ताली बजा सकते हैं।

मुरलीधरन ने टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन के साथ यू-ट्यूब चैनल डीआरएस विथ एश पर बात करते हुए कहा, “अच्छी गेंद पर अगर छक्का लगता है तो धोनी ताली बजाएंगे। वह गेंदबाज को यह बताएंगे कि यह एक अच्छी गेंद है और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि बल्लेबाज ने आपको छक्का मारा है। बल्लेबाजों में भी हिट करने की प्रतिभा होती है।”

उन्होंने कहा, “आपको प्रेरित करने के लिए धोनी सबके सामने नहीं बल्कि आपको अकेले में बुलाएंगे और क्या करना है उसके बारे में बताएंगे। इन गुणों के कारण वह इतने सफल कप्तान हैं।”

पूर्व गेंदबाज ने कहा, “एक युवा कप्तान थे। उन्होंने 2007 में टी-20 विश्वकप में काफी कम उम्र में कप्तानी की और भारत को खिताब जिताया। लेकिन उनके सिद्धांत देखने में बहुत अच्छे लगते हैं। जब मैदान में उनका दांव नहीं चलता तो वह गेंदबाज को उसके अनुसार गेंदबाजी करने की आजादी देते हैं।”

Share this story