उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से मिले सीडीएस रावत

newspoint24.com/newsdesk
नई दिल्ली। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल विपिन रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से बुधवार को उनके दिल्ली स्थित आवास पर भेंट की। जनरल रावत ने मुख्यमंत्री की कुशलक्षेम पूछी और शुभकामनायें दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के परिवारजनों के भी अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे और उनके परिवारजन पूरी तरह स्वस्थ हैं।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत देहरादून में 18 दिसम्बर, 2020 को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उसके बाद वह आइसोलेशन में चले गए थे। अगले दिन उनकी पत्नी और एक बेटी की भी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और सभी लोग होम आइसोलेशन में थे। 21 दिसम्बर से उत्तराखंड विधानसभा के चार दिवसीय शीतकालीन सत्र में भी मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने वर्चुअल रूप से प्रतिभाग किया। हालांकि विपक्षी दलों ने इसे लेकर आपत्ति जताई थी। रावत के फिजीशियन डॉ. एसएन बिष्ट की सलाह पर उन्हें देहरादून के दून मेडिकल कालेज में 27 दिसम्बर को भर्ती कराया गया। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में आगे की कुछ जरूरी जांच और उपचार की सलाह दी।
इस पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को कोरोना संक्रमित पत्नी और पुत्री के साथ एम्स दिल्ली शिफ्ट किया गया। एम्स (दिल्ली) में उनकी कुछ जरूरी जांच करने पर छाती में इन्फेक्शन पाया गया, जिसका उपचार किया गया। स्वस्थ होने पर उन्हें 2 जनवरी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया, जिसके बाद वह दिल्ली स्थित अपने आवास पर आइसोलेट हो गए। मुख्यमंत्री रावत अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। उन्होंने अपना आइसोलेशन पीरियड पूरा करने के बाद दिल्ली स्थित आवास पर मंगलवार से अपना कामकाज शुरू कर दिया है। आज उन्होंने अपने दिल्ली स्थित आवास पर कुछ जरूरी फाइलें भी निपटाईं।