छत्तीसगढ़ जशपुर जिले के पत्थलगांव जुलूस में शामिल लोगों पर गाड़ी चढ़ी ,एक की मृत्यु ,दर्जन से अधिक घायल

Newspoint24 /newsdesk /एजेंसी इनपुट के साथ
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव में आज दशहरे के अवसर पर निकाले जा रहे धार्मिक जुलूस में शामिल लोगों पर तेज रफ्तार गाड़ी से कुचलने के कारण एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। गंभीर स्थिति के चलते तीन को रायगढ़ के अस्पताल भेजा गया है।
( लोगों को टक्कर मारने वाली कार को आग के हवाले कर दिया जुलूस में शामिल लोगों ने ) photo : newspoint24
प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि जिस वाहन ने लोगों को कुचला है, उसमें तस्करी का गांजा ले जाया जा रहा था। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जो काफी वीभत्स हैं। तेज रफ्तार वाहन का चालक हादसे के बाद वाहन समेत भागने में सफल हो गया।
घटना के बाद लोगों ने पीछा कर कार के ड्राइवर को 5 किलोमीटर दूर सुखरापारा से पकड़ा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। लोगों ने टक्कर मारने वाली कार को भी फूंक दिया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से आरोपी को भीड़ से छुड़ाया। उसे भीड़ से बचाते हुए पुलिस रायगढ़ जिले के कापू थाना लेकर चली गई। लोगों के गुस्से को देखते हुए मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। इस केस में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
हादसे के बाद गुमला-कटनी हाईवे जाम
लोगों ने घटना के विरोध में पत्थलगांव थाने का घेराव कर दिया। इसके अलावा गुमला-कटनी नेशनल हाईवे पर मृतक का शव रखकर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक वे शव को हाईवे से हटाने तैयार नहीं थे।
(दुर्गा विसर्जन के जुलूस के दौरान हुए हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।) photo : newspoint24
100 किमी से ज्यादा की रफ्तार से दौड़ रही थी कार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की स्पीड 100 से 120 की रही होगी और उसने सीधे लोगों को ठोकर मार दी। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। लोगों का यह भी कहना है कि घटना में गांजा तस्करी करने वाले लोगों का हाथ है। उन्होंने ही दुर्गा विसर्जन में शामिल लोगों को कार से टक्कर मारी है।
कुचलने वाले तस्कर मध्य प्रदेश के
इस घटना में पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। इनके नाम बबलू विश्वकर्मा (21) और शिशुपाल साहू (26) है। इधर, लोगों के गुस्से की जानकारी मिलने पर पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।