कान्हा प्रिय है मोरपंख, घर में रखने से मिलते हैं शुभ फल, जानें इसके महत्व और फायदे

 

 

Newspoint24/ज्योतिषाचार्य प. बेचन त्रिपाठी दुर्गा मंदिर , दुर्गा कुंड ,वाराणसी

हिंदू धर्म में मोर पंख को बहुत ही शुभ माना गया है, क्योंकि ये भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप से जुड़ा है। वास्तु में भी मोर पंख का विशेष महत्व बताया गया है। कहा जाता है कि मोर पंख को घर में रखने से कई तरह के दोष दूर होते हैं और पॉजिटिविटी बनी रहती है। यही कारण है कि हमारे घरों में पुरातन समय से ही मोर पंख रखने की परंपरा बनी हुई है। जन्माष्टमी  के मौके पर जानिए घर में मोर पंख रखने के फायदे…
 
मोर पंख से घर में बनी रहती है पॉजिटिविटी
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में मोर पंख रखने से पॉजिटिव एनर्जी बनी रहती है। मोर पंख को हमेशा पूर्व, उत्तर या ईशान कोण में रखना चाहिए। ऐसा करने से और भी अधिक शुभ फल मिलते हैं। घर के मुख्य द्वार के ऊपर भी सजावट के रूप में मोर पंख का उपयोग किया जा सकता है।

दूर होती है वैवाहिक जीवन की परेशानी 
मोर पंख को बैडरूम में रखना भी अच्छा माना जाता है। लेकिन यहां इसे जोड़े से रखना चाहिए यानी 2 मोरपंख। ऐसा करने से पति-पत्नी के बीच होना वाला तनाव कम होता है और रिश्तों में मधुरता बनी रहती है। बेडरूम में मोरपंख ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां ये किसी को दिखाई न दे।
 
ग्रह के दोष भी दूर होते हैं मोर पंख से
मान्यता है कि मोर पंख को घर में रखने से ग्रहों से संबंधित दोष भी दूर होते हैं। अगर आपकी कुंडली में कोई ग्रह अशुभ फल दे रहा हो तो मोर पंख की पूजा से वह भी ठीक हो सकता है। मोर पंख को हमेशा साफ-सुथरी जगह पर रखना चाहिए, नहीं तो इसका शुभ प्रभाव कम हो सकता है।

तिजोरी में रखने से हो सकता है धन लाभ
जन्माष्टमी पूजन में मोर पंख भी रखें और बाद में इसे अपने धन स्थान जैसे तिजोरी या लॉकर में रख दें। मोर पंख के शुभ प्रभाव से आपके घर में बरकत बनी रहेगी। साथ ही साथ आपकी धन-संपत्ति में भी वृद्धि होने के योग बनेंगे। इस मोर पंख की समय-समय पर पूजा भी करते रहना चाहिए। 

इस बात का भी रखें ध्यान
मोर पंख प्राकृतिक होना चाहिए यानी इसके लिए किसी मोर को हानि नहीं पहुंचानी चाहिए, मोर को मारकर प्राप्त किया गया मोर पंख फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकता है। क्योंकि मोर भगवान कार्तिकेय और देवी लक्ष्मी का वाहन है, इसलिए इसे हिंदू धर्म में बहुत पूजनीय माना गया है।

यह भी पढ़ें : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2022 : महालक्ष्मी योग, बुधादित्य योग में मनाई जायेगी , जानें कब तक रहेगी अष्टमी तिथि