सपने में दिखें बाल गोपाल तो मिलते हैं शुभ फल

 

Newspoint24/ज्योतिषाचार्य प. बेचन त्रिपाठी दुर्गा मंदिर , दुर्गा कुंड ,वाराणसी

भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव  इस बार 18 व 19 अगस्त को मनाया जाएगा, ऐसा पंचांग भेद के कारण होगा। जन्माष्टमी के मौके पर हर कोई भगवान श्रीकृष्ण की पूजा कर उन्हें प्रसन्न करना चाहता है, ताकि उसकी परेशानियां कम हो सकें। कई बार भगवान अपने भक्तों को सपने के माध्यम से भविष्य में होने वाली अच्छी-बुरी घटनाओं के बारे में पहले से ही सूचित कर देते हैं। इस संबंध में स्वप्न शास्त्र  में भी बताया गया है। जन्माष्टमी के मौके पर हम आपको बता रहे हैं सपने में भगवान श्रीकृष्ण अलग-अलग स्वरूप में दिखाई दें तो उसका क्या फल निकट भविष्य में मिल सकता है। आगे जानिए इन सपनों के बारे में…

 

सपने में श्रीकृष्ण को माखन खाते हुए देखना

सपने में श्रीकृष्ण माखन खाते हुए दिखाई दें तो इसे धन लाभ का संकेत समझना चाहिए। ऐसा सपना आए तो इसका अर्थ है कि अचानक आपको कहीं से धन लाभ हो सकता है या फिर आपका पैसा जो कहीं अटका है वह भी मिल सकता है। ये सपना निकट भविष्य में होने वाले धन लाभ के बारे में सूचित करता है।
 


सपने में श्रीकृष्ण को युद्ध करते हुए देखना

स्वप्न ज्योतिष के अनुसार, सपने में यदि श्रीकृष्ण युद्ध करते हुए या क्रोधित अवस्था में दिखाई दे तो ये शुभ संकेत नहीं है। इसका अर्थ है कि जल्द ही आप पर कोई संकट आ सकता है। इसके लिए आप पहले से तैयार हो जाएं। ऐसा सपने आए तो सुबह उठकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करें और परेशानी दूर करने के लिए प्रार्थना करें।
 


सपने में श्रीकृष्ण की पूजा करते हुए देखना

स्वप्न शास्त्र के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति सपने में स्वयं को भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करते हुए देखे तो उसकी हर मनोकामना पूरी हो सकती है। अगर किसी बीमारी से परेशान हैं तो वो भी दूर हो सकती है। ऐसा सपना आने का अर्थ है आपकी सेहत ठीक रहेगी।



सपने में श्रीकृष्ण को चक्र धारण किए देखना

सपने में आपको चक्र धारण किए श्रीकृष्ण दिखाई दें तो समझिए आपकी मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। यानी वर्तमान में आप जिन परिस्थितियों से घिरे हैं वो और भी विकट हो सकती है। ऐसा सपने आए तो सुबह उठकर भगवान श्रीकृष्ण के सामने शुद्ध घी का दीपक जलाएं।
 


सपने में श्रीकृष्ण को राधा या रुक्मिणी के साथ देखना

अगर सपने में आपको भगवान श्रीकृष्ण राधा या रुक्मिणी के साथ नजर आएं तो समझना चाहिए कि आपकी लव लाइफ में परेशानियां खत्म होने वाली हैं और आपका वैवाहिक जीवन भी सुखमय रहेगा। पति-पत्नी के जीवन में प्यार होने से अन्य समस्याएं भी खुद ही दूर हो जाती हैं।
 


सपने में श्रीकृष्ण को मटकी फोड़ते हुए देखना

सपने में यदि भगवान श्रीकृष्ण मटकी फोड़ते हुए दिखाई दें तो समझिए आपको नौकरी से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है। या तो आपका प्रमोशन हो सकता है या फिर जिस जगह आप तबादला करवाना चाहते हैं तो वो इच्छा भी पूरी हो सकती है। बेरोजगारों को रोजगार भी मिल सकता है।


सपने में श्रीकृष्ण को बांसुरी बजाते हुए देखना

स्वप्न ज्योतिष के अनुसार, अगर सपने में आपको भगवान श्रीकृष्ण बांसुरी बजाते हुए दिखाई दें तो इसे भी शुभ संकेत ही समझना चाहिए। बांसुरी जीवन में शांति का प्रतीक है। अगर आपके परिवार में कोई समस्या चल रही है तो वह निराकरण हो सकता है, जिससे आप शांति का अनुभव करेंगे।
 


सपने में श्रीकृष्ण को बाल रूप में देखना

सपने में भगवान श्रीकृष्ण अगर बाल रूप में दिखाई दें तो ये एक शुभ संकेत है। बाल गोपाल का सपने में दिखने के अर्थ है कि जल्दी ही आपकी परेशानियां दूर होंगी और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहेगी। अगर आप संतान की इच्छा रखते हैं तो समझिए आपकी ये कामना पूरी होने वाली है।  
 

यह भी पढ़ें :   जन्माष्टमी की रात करें इन मंत्रों का जाप , हमेशा भरी रहेगी तिजोरी और जेब