सूडान में गृहयुद्ध छिड़ा: देश में सत्ता हथियाने के लिए सेना के साथ लड़ाई में कूदा सूडानी हथियारबंद समूह रैपिड सपोर्ट फोर्सेज ,हिंसक झड़पों में कम से कम 47 लोगों की मौत

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
खार्तूम। सूडान के डॉक्टर्स एसोसिएशन ने कहा कि देश में हिंसक झड़पों में कम से कम 47 लोग मारे गए हैं और 380 घायल हो गए। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मरने वालों में संयुक्त राष्ट्र (United Nations) के तीन कर्मचारी भी शामिल हैं।
देश में सत्ता हथियाने के लिए सेना के साथ लड़ाई में कूदे एक सूडानी हथियारबंद समूह रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (Rapid Support Forces-RSF) ने दावा किया कि उसने खार्तूम में देश के राष्ट्रपति महल के साथ-साथ तीन हवाईअड्डों पर कब्जा कर लिया है। वैश्विक समुदाय ने गृहयुद्ध में फंसे सूडान (Sudan) की हालत पर चिंता जाहिर की है और सभी पक्षों से हिंसा रोकने का आग्रह किया है।
सूडान की राजधानी खार्तूम में कई लोगों को गोलियों से छलनी कर दिया गया है। सेना और उसके विरोधी समूह रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के बीच राष्ट्रपति के महल, सरकारी टीवी और सेना मुख्यालय पर भीषण लड़ाई चल रही थी। मारे जाने वाले लोगों में संयुक्त राष्ट्र के तीन कर्मचारी भी हैं, जिन्हें एक सैन्य अड्डे पर दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग के बाद गोली मार दी गई। दोनों पक्षों के बीच नागरिक शासन के प्रस्तावित बदलाव पर तनाव बढ़ने के बाद ये हिंसक झड़पें हुईं। सेना और उसके विरोधी रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) दोनों ने दावा किया कि खार्तूम में हवाई अड्डे और अन्य प्रमुख स्थलों पर उनका नियंत्रण कायम हो गया है। इन जगहों पर कब्जे के लिए रात भर लड़ाई जारी रही।