यूपी में हीटवेव का यलो अलर्ट, 2 दिन आंधी-पानी का अंदेशा:मथुरा, आगरा, कानपुर सबसे गर्म, वाराणसी में 8वीं तक के स्कूलों की टाइमिंग बदली

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
लखनऊ। यूपी में गर्मी का प्रकोप दिखने लगा है। पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज इस सीजन की पहली हीटवेव चलने की आशंका है। मंगलवार सुबह से ही गर्मी का असर दिखने लगा है। वहीं सोमवार को कानपुर में लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान कर दिया।
18 और 19 अप्रैल को जताई आंधी-पानी की आशंका
CSA के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि IMD ने 18 और 19 अप्रैल को आंधी-पानी का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि इससे गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विज्ञानियों ने हीटवेव के दौरान, यानी 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सीधे धूप में रहने से बचने की सलाह दी है।
प्रयागराज रहा यूपी में सबसे गर्म
अप्रैल के पहले 15 दिन राहत भरे रहे। बीते तीन दिन में 4.6 डिग्री की वृद्धि हुई है। सोमवार को तापमान रिकॉर्ड 42 डिग्री रहा जो सामान्य 3.6 अधिक है। गर्मी का प्रकोप प्रयागराज पर सबसे ज्यादा देखा गया। सोमवार को प्रयागराज का तापमान 44 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। इसके बाद झांसी और मथुरा का तापमान 43 डिग्री के पार रहा। फिलहाल अब गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।
हीट स्ट्रोक की बढ़ी आशंका
आसमान साफ होने के कारण कड़ी धूप खिली। इस दौरान तेज शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं (लू) चलीं। इसका असर वातावरण पर भी पड़ा। नमी का न्यूनतम प्रतिशत घटकर 16 और अधिकतम 51 रहा। नमी घटने से शरीर में भी पानी की कमी हो जाती है जिससे हीट स्ट्रोक की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में खुले में निकलने पर पानी पीकर निकलने की सलाह दी जाती है।
वाराणसी में गर्म हवाएं चली, तापमान 44 डिग्री सेल्सियस
वाराणसी में सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्म हवाएं 15 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चली। डीएम वाराणसी ने स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है। कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल का समय अब सुबह 7 बजे से 11.30 बजे तक चलाने का आदेश दिया है। ये आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों में लागू होगा।
मौसम विभाग ने आज हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बुधवार से वाराणसी में बादल छाने के साथ हल्की-फुल्की बारिश भी हो सकती है। वहीं, अगले 3 दिन तक बादल छाने के आसार हैं।
- यूपी के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर | तापमान |
आगरा | 42.2 |
बरेली | 40.5 |
कानपुर | 42.6 |
लखनऊ | 41.5 |
मेरठ | 40.2 |
वाराणसी | 44 |
मथुरा | 43.0 |
प्रयागराज | 44.0 |
आज इन बातों का रखे ध्यान
- दोपहर 11 से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचे।
- हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें।
- अपना सिर ढकें, कपड़े, टोपी या छाते का प्रयोग करें।
- पर्याप्त पानी पिए ताकि डिहाइड्रेशन से आप बच सकें।
- मवेशियों को सुबह 11 बजे से 4 बजे के बीच छांव में ही रखे।
- पौधों और फसलों में समय-समय पर सिचाईं करते रहे।
- हीट स्ट्रोक, हीट रैश या हीट क्रैम्प जैसे कमजोरी के लक्षणों को पहचानें जैसे, चक्कर आना, सिरदर्द, पसीना ज्यादा आना।