जनभागीदारी से ही संरक्षित होंगी आर्द्रभूमियां

sfd

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

गोरखपुर। गोरखपुर वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी विकास यादव ने आह्वान किया कि जनभागीदारी से ही आद्रभूमियां (वेटलैंड) संरक्षित होंगी। पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण और बुद्धिमान उपयोग को सुनिश्चित करने में समाज से प्रबुद्ध वर्ग को आगे आना होगा। इन्हें दूसरों का भी जागरूक करना होगा।

विकास यादव गुरुवार को वर्ल्ड वेटलैंड डे पर हेरिटेज फाउंडेशन, वन विभाग एवं शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नेचर ट्रेल, बर्ड वॉच एवं पर्यावरणविद् फिल्म निर्माता माइक हरि गोविंद पाण्डेय की फिल्मों के प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि गोरखपुर में रामगढ़झील, प्राणी उद्यान के वेटलैंड, परगापुरताल, चिलुआताल, सरुआताल समेत अन्य झील के संरक्षण के लिए जनसहयोग से कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार ने भी अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों के संरक्षण की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि वेटलैंड पारिस्थिति तंत्र के संतुलन बनाए रखने के लिए वन, पर्यावरण एवं वेटलैंड का संरक्षण करना होगा। असंतुलन से जीव-जन्तु एवं पेड़-पौधे प्रभावित होते हैं। आर्द्र भूमियां, मानव समेत सभी जीव-जन्तुओं एवं वनस्पतियों के जीवन का आधार है।

हेरिटेज फाउंडेशन की संरक्षिका डॉ. अनिता अग्रवाल ने कहा कि ईश्वर की बनाई इस दुनिया में कोई व्यक्ति संपूर्ण नहीं है। पेड़-पौधे, जल-जंगल, पशु-पक्षियों सबके साथ ही जीवन है। कहीं कोई गलती, सभ्यता की गति में ही आ गई, जिसने मनुष्य और प्रकृति के साहचर्य को छिन्न-भिन्न कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज यह आवश्यकता है कि हम आर्द्र भूमिओं को बचाएं और सह अस्तित्व की अवधारणा को लेकर चलें।

पर्यावरणविद् भुवनेश्वर पाण्डेय ने वेटलैंड को फेफड़ा बताया। उन्होंने कहा कि यदि फेफड़ा ही खराब हो जाएगा तो जीवन कैसे बचेगा? उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वन संपदा के संरक्षण के लिए आगेआए।

प्राणी उद्यान के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने भी वेटलैंड के संरक्षण एवं उनकी महत्ता से सभी को अवगत कराया। प्राणी उद्यान के रेंजर राजेश पाण्डेय सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान हेरिटेज की संयोजिका डॉ. अनिता अग्रवाल को गोरखपुर महोत्सव के दौरान तीन दिन वाइल्ड लाइफ फिल्मोत्सव के डीएफओ विकास यादव ने मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
 

Share this story