UP में पेपर लीक के बाद सिपाही भर्ती परीक्षा रद्द:6 महीने में फिर एग्जाम

UP में पेपर लीक के बाद सिपाही भर्ती परीक्षा रद्द

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

लखनऊ। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा शनिवार को रद्द कर दी गई। 17 और 18 फरवरी को यह परीक्षा यूपी के 75 जिलों में परीक्षा हुई थी। इसमें 48 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। इसके बाद से ही पेपर लीक होने का आरोप लगाकर पूरे प्रदेश में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। योगी यूपी सरकार ने 6 महीने में फिर से परीक्षा कराने का फैसला किया है।

पुलिस भर्ती में 60 हजार 244 पद थे। परीक्षा के दौरान 287 सॉल्वर और उनकी गैंग से जुड़े लोग पकड़े गए थे। छात्रों का आरोप था कि परीक्षा से एक दिन पहले ही पेपर वॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुपों में सर्कुलेट हो रहा था। आरोप था कि टेलीग्राम पर 100-100 रुपए में परीक्षा के पेपर बेचे गए।

इसके बाद भी परीक्षा कराई गई। पेपर लीक को लेकर पुलिस भर्ती बोर्ड को 1500 शिकायतें मिली थीं। अब सवाल उठ रहा है कि सरकार परीक्षा भर्ती बोर्ड से जुड़े किन अधिकारियों पर गाज गिराती है? पुलिस भर्ती परीक्षा में लीक हो सकता है। इसका खुलासा दैनिक भास्कर ने परीक्षा से 14 दिन पहले ही कर दिया था।

कानपुर में आतिशबाजी और डांस कर जश्न मनाया

पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द होने पर कानपुर के श्रीराम एकेडमी में छात्र-छात्राओं ने आतिशबाजी और डांस करके खुशी का इजहार किया। कोचिंग सेंटर के श्रीराम शुक्ला ने कहा कि परीक्षा लीक हुई थी। इस मुद्दे को कानपुर से सबसे पहले मैंने उठाया था। सरकार की तरफ से जो फैसला लिया गया, उससे खुश हूं।

अखिलेश बोले-सरकार की नौकरी देने की नीयत नहीं

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बहराइच में कहा कि सरकार की नौकरी देने की नीयत नहीं थी। सरकार अगर नौकरी देना चाहती तो जब पहला पेपर लीक हुआ था तभी सरकार सख्ती से कार्रवाई करती और उसका परिणाम यह होता कि कोई पेपर लीक नहीं होता... नौजवानों के सपनों के साथ यह सरकार खिलवाड़ कर रही है..."

प्रियंका ने कहा- जो पेपर लीक घोटाला करते हैं, उनके घर बुलडोजर चला? 

प्रियंका गांधी शनिवार को यूपी में राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा-आप सोचिए, जब भी इनका बुल्डोजर चलता है तो किसके घरों पर चलता है? जिसने 6 किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचला, उसके घर बुल्डोजर चला? जिसने महिलाओं के साथ अत्याचार किया, उसके घर बुल्डोजर चला? जो बार बार पेपर लीक घोटाला करते हैं, उनके घर बुल्डोजर चला? ये सब सिर्फ दिखावा है। जब तक आपको रोजगार नहीं मिलेगा, जब तक आपके पेपर लीक बंद नहीं होंगे, तब तक आपकी तरक्की नहीं हो सकती।

Share this story