मौसम विभाग ने सोमवार 27 मई को पश्चिमी यूपी और बुन्देलखंड के लिए प्रचंड ग्रीष्म लहर का अलर्ट जारी किया  

heat wave

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

 लखनऊ। मौसम विभाग ने सोमवार 27 मई को पश्चिमी यूपी और बुन्देलखंड के लिए प्रचंड ग्रीष्म लहर का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में तेज तपन और लू का ज्यादा असर रहेगा। रात भी गर्म रहेगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार अगले तीन चार दिन पूरे प्रदेश में दिन के तापमान में और बढ़ोत्तरी के आसार हैं। रविवार 26 मई के लिए आरेंज अलर्ट जारी हुआ है।

 

रविवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवा चलने का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर और पूर्वी यूपी में एक या दो स्थानों पर लू का प्रकोप रहेगा। 28 मई को भी ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है। शनिवार को प्रदेश में सबसे गरम स्थान मथुरा-वृंदावन रहा जहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। आगरा, गौतमबुद्धनगर में क्रमश: 45-45 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान दर्ज हुआ। कानपुर व आजमगढ़ में 44-44 डिग्री सेल्सयस पर दिन का तापमान दर्ज किया गया।

झुलसा रहे लू के थपेड़े, गर्मी के साथ बढ़ी उमस

गर्मी के तेवर और तल्ख हो गए हैं। बरेली में शनिवार को झुलसाने वाले लू के थपेड़े चले और तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पर हो गया। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है और अनुमान जताया है कि आने वाले चार दिनों में गर्मी और प्रचंड रूप ले सकती है। दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, वहीं रात में भी गर्मी और उमस बढ़ेगी। मौसम में गर्मी और उमस बढ़ती जा रही है। शनिवार को दिन का तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। दिन में कड़ी धूप के चलते प्रचंड गर्मी हो रही है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि सूर्य की किरणें सीधी पड़ने की वजह से अभी दिन में गर्मी और बढ़ेगी। आने वाले चार दिन बेहद गर्म रहेंगे। दिन का तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है। वही रात में भी गर्मी, उमस से राहत मिलती नहीं दिख रही। मौसम विभाग ने 26 मई को बेहद गर्म और उमसभरी रात होने का अनुमान जताया है।

Share this story