निकाय चुनाव पर सपा का बड़ा फैसला:अखिलेश बोले- गठबंधन के सहयोगियों को साथ रखेंगे; जनता भाजपा को सबक सिखाएगी

निकाय चुनाव पर सपा का बड़ा फैसला:अखिलेश बोले- गठबंधन के सहयोगियों को साथ रखेंगे
अखिलेश यादव ने कहा, ''महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है। दवाओं से लेकर खाने-पीने की सब चीजों के दाम बढ़ गए हैं। भाजपा महंगाई, बेरोजगारी से ध्यान हटाने के लिए नए-नए मुद्दे लाती है। एक अप्रैल से दवाइयां महंगी हो गईं। इलाज महंगा हो गया। अस्पताल में दवाएं नहीं हैं। बेरोजगारी के मामले में भाजपा झूठ बोलती है।

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

लखनऊ । यूपी का निकाय चुनाव सपा अपने गठबंधन के सहयोगियों के साथ बातचीत कर लड़ेगी। यह बात रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में कही। उन्होंने कहा, ''निकाय चुनाव में सपा का भाजपा से सीधा मुकाबला है। भाजपा ने स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया है। नगरों में कूड़ा भरा पड़ा है। नालियों में गंदगी है। सफाई न होने से नगरों में बड़े पैमाने पर डेंगू फैला। व्यापारी परेशान हैं। नगर निकाय चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।"

बोले- झूठ को सच दिखाने के लिए 200 करोड़ रुपए खर्च किया जा रहा
अखिलेश यादव ने कहा, ''महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है। दवाओं से लेकर खाने-पीने की सब चीजों के दाम बढ़ गए हैं। भाजपा महंगाई, बेरोजगारी से ध्यान हटाने के लिए नए-नए मुद्दे लाती है। एक अप्रैल से दवाइयां महंगी हो गईं। इलाज महंगा हो गया। अस्पताल में दवाएं नहीं हैं। बेरोजगारी के मामले में भाजपा झूठ बोलती है। यूपी की नकली ग्रोथ रेट दिखाती है। झूठ को सच दिखाने के लिए 200 करोड़ रुपए खर्च कर अमेरिकी एजेंसी की मदद ली जा रही है।''

उन्होंने कहा, ''ओलावृष्टि से किसानों की फसल तबाह हो गई। किसान बर्बाद हो गया। भाजपा ने फसल बीमा का प्रचार किया था, लेकिन आज किसानों को कुछ नहीं मिल रहा है। भाजपा ने बीमा कंपनियों का मुनाफा कराया। लेकिन, किसान की मदद नहीं हुई। आलू किसान बर्बाद हो गया। किसान को लागत भी नहीं मिल पा रही है। भाजपा किसानों की दुश्मन है।''

बोले- भाजपा सबसे बड़ी भ्रष्टाचारी पार्टी
अखिलेश यादव ने कहा, ''भाजपा सिर्फ बड़े उद्योगपतियों और कारोबारियों की मदद करती है।भाजपा ने अपने एक उद्योगपति मित्र को सरकारी संस्थाओं से पैसा दिलवाकर दुनिया में नंबर-दो बनाया था। लेकिन एक रिपोर्ट आते ही उद्योगपति की पोल खुल गई। उसकी कंपनियां डूबने लगी। कंपनी में लगाया गया सरकारी संस्थाओं का पैसा डूब रहा है। भाजपा सरकार जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी भ्रष्टाचारी पार्टी है। भाजपा ने पुलिस और अधिकारियों को भ्रष्टाचार की खुली छूट दे रखी है। भ्रष्टाचार से सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों की आय दोगुनी हो गई है। किसान और आम जनता की आय घटती जा रही है।''

बोले- भाजपा सरकार में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गईं
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार के पास गेहूं खरीद की कोई तैयारी नहीं है। न बोरा है और न अन्य इंतजाम। किसानों के धान, आलू की खरीद नहीं हुई। अब गेहूं के साथ भी वही हाल होगा। जब से भाजपा सरकार आई है। डायबटीज, हार्ट अटैक, कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियां तेजी से फैली हैं।

रामाशीष राय बोले- सपा और RLD साथ-साथ है

यह सपा प्रमुख अखिलेश यादव और RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी की फाइल फोटो है।

यह सपा प्रमुख अखिलेश यादव और RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी की फाइल फोटो है।

राष्ट्रीय लोकदल यूपी के अध्यक्ष रामाशीष राय ने स्थानीय निकाय चुनावों के बारे में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल और सपा गठबंधन के आधार पर चुनाव लड़ने के लिए कटिबद्ध है। हम समस्त जनपदों से जिताऊ उम्मीदवारों के आवेदन पत्र एकत्र कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से नामित चुनाव समिति के साथ विचार विमर्श करके ही अन्तिम निर्णय लिया जाएगा।

Share this story