आगरा में सपा मेयर प्रत्याशी पर मुकदमा, ईद पर लाल टोपी पहन कर ताजमहल में मांगा था वोट

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
आगरा नगर निगम चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन में सपा मेयर प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। सपा प्रत्याशी ने शनिवार को ताजमहल में नमाज अता कर लौट रहे मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की मुबारक बाद देने के साथ वोट भी मांगे थे। वोट मंगाने के दौरान सपा प्रत्याशी और जिलाध्यक्ष लाल रंग की टोपी लगाए हुए थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
सपा से मेयर प्रत्याशी के रूप में जूही प्रकाश चुनाव मैदान में हैं। सपा एससी वोट के साथ मुस्लिम वोट को भी अपने पक्ष में करने के लिए जुटी हैं। शनिवार को ईद के अवसर पर उन्होंने ताजमहल से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की थी। मेयर प्रत्याशी जूही प्रकाश, जिलाध्यक्ष आजाद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी के साथ ताजमहल पहुंचे थे।
सपा प्रत्याशी और अन्य पदाधिकारी ताजमहल के रायल गेट पर खडे़ हो गए। इसके बाद बाहर निकल रहे लोगों से हाथ जोड़कर वोट देने की अपील की जाती रही। इस दौरान एक व्यक्ति सपा के चुनाव चिन्ह वाला पटका गले में लटकाए हुए था। बाद में उसके गले से पटका हटवा दिया गया।
एसीपी ताज सुरक्षा ने सपा प्रत्याशी और पदाधिकारियों के वोट मंगाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने उनकी सपा के लाल रंग वाली टोपी भी उतरवा दी थी। वहीं, एएसआई की ओर से ताजमहल में नियमों के उल्लंघन पर जांच के बाद कार्रवाई की बात कही गई थी। रविवार को पुलिस की ओर से इस मामले में सपा प्रत्याशी के खिलाफ ताजगंज थाने में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया है।