काशी विश्वनाथ का काम हो चुका, अयोध्या में रामलला विराजमान हो चुके अब पूरा फोकस ब्रजभूमि पर होगा: योगी 

 काशी विश्वनाथ का काम हो चुका, अयोध्या में रामलला विराजमान हो चुके अब पूरा फोकस ब्रजभूमि पर होगा: योगी

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

मथुरा। काशी विश्वनाथ का काम हो चुका। अयोध्या में रामलला विराजमान हो चुके अब पूरा फोकस ब्रजभूमि पर होगा। हमने अयोध्या के लिए 500 वर्षों तक इंतजार किया, लेकिन संघर्ष के कभी पीछे हटे नहीं। ये काम सपा-बसपा वालों ने क्यों नहीं किया। कांग्रेस ने तो 60 वर्ष शासन किया तो क्यों नहीं किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को मथुरा के बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज में इन तीखे तेवरों के साथ विपक्ष पर हमलावर रहे और लोकसभा प्रत्याशी हेमा के लिए जनसभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि आज अयोध्या जाएंगे तो आपको त्रेता युग याद आ जाएगा। पहले अयोध्या में पतली गलियां थीं। आज फोर लेन और सिक्स लेन दिखाई देगा। वहां का व्यापारी, नागरिक, होटल संचालक, सभी खुश हैं। उनकी आमदनी कई गुना बढ़ गयी है। योगी ने कहा कि काशी और अयोध्या में जो काम कराना था, उसे लाइनअप कर दिया। सरकार का काम है लाइनअप करना और फंड उपलब्ध कराना। जनता जनार्दन के सहयोग से कार्यदायी संस्थाएं इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाती हैं।

1 व्यक्ति और temple की फ़ोटो हो सकती है

अब हमारा पूरा फोकस ब्रजभूमि पर है। यहां पूरा पैसा देने जा रहे हैं। 84 कोस परिक्रमा की बात हो, गोवर्धन परिक्रमा हो, बरसाना की हो इन सबको यहां की भावनाओं के अनुरूप बढ़ाने का काम किया जा रहा है। यमुना मैया की शुद्धि और यहां कुंडों के बारे में, गौमाता की सेवा और उसके संरक्षण के कार्यक्रम युद्ध स्तर पर आगे बढ़ने वाले हैं। 

चारों ओर एक ही बात, सभी मोदी की प्रतिबद्धता के साथ
  चारों ओर जाकर पता चलता है कि माहौल कैसा है और जनता जनार्दन क्या चाहती है? चारों ओर एक ही आवाज आ रही है कि दस वर्ष तक प्रधानमंत्री मोदी ने जिस प्रतिबद्धता से काम किया है। हमें उसी प्रतिबद्धता से साथ देना है। पहली बार भारतवासियों ने ऐसी सरकार देखी है, जो भारत के अंदर, भावना के अनुरूप, यहां के नागरिकों के सम्मान की रक्षा, उनकी सुरक्षा करते हुए, उनकी समृद्धि के लिए और राष्ट्रीय स्वाभिमान को 56 इंच चौड़ा करते हुए दुनिया के सामने भारत का गौरव बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा अयोध्या और काशी से भी पहले चुनाव मथुरा में हो रहा है तो संदेश यहीं से जाना चाहिए। प्रचंड जीत के लिए भाजपा-राष्ट्रीय लोकदल का एक-एक कार्यकर्ता लगेगा। 

60 वर्ष में कांग्रेस ने मथुरा, काशी और अयोध्या के बारे में नहीं सोचा
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यहां नगर निगम बनाने का काम हो। मथुरा-वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव, गोवर्धन, नंदगांव सभी को तीर्थ स्थल घोषित करने का काम हो, सब भाजपा सरकार ने किया। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से यहां की भावनाओं के अनुरूप यहां का विकास हो। यहां की सांसद हेमामालिनी के सुझाव पर हमने ये तीर्थ स्थल घोषित करते हुए और यहां के समग्र विकास की एक रूपरेखा तैयार कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। सभी तीर्थों में विकास के कार्य आगे बढ़ रहे हैं। जहां न्यायालय में मामले लंबित हैं, वहां हमें थोड़ा रुकना पड़ता है।

यमुना मैया के शुद्धिकरण के लिए जो भी होगा करेंगे
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित उत्तर प्रदेश आवश्यक है और विकसित उत्तर प्रदेश के लिए विकसित मथुरा भी आवश्यक है। यहां सबसे अच्छा स्पिरिचुअल टूरिज्म है। हम उसे विकसित करेंगे। यमुना मैया की शुद्धि के साथ-साथ अन्य कार्य भी करेंगे। यहां की पहचान को भी हमने कभी रंगोत्सव के रूप में कभी कृष्णोत्सव के रूप में कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का काम किया। 

विपक्षियों के भाषण से समझें बेटियों के प्रति मानसिकता
मथुरा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि व्यापारी और बेटी को जो सुरक्षा मिली है। ये काम विपक्षी कर पाते क्या? इनकी मानसिकता, इनके भाषणों से समझी जा सकती है। जब ये लोग कुछ कर ही नहीं सकते, तो इनके लिए आप वोट खराब क्यों करना चाहते हैं? विकसित भारत के लिए मोदी को तीसरा कार्यकाल चाहिए। उसके प्रथम तीन वर्ष में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थ व्यवस्था बनेगा। हर भारतवासी की इनकम कई गुना बढ़ेगी। इन्फ्रास्ट्रक्चर के कार्य और द्रुत गति से बढ़ेंगे। तब आपको किसी के सामने विकास की बात करने की आवश्यकता नहीं होगी। सब कुछ स्वत: स्फूर्त से होता हुआ दिखाई देगा। 

आधी आबादी का अपमान किया है कांग्रेस ने, देश सबक सिखाएगा : योगी
मथुरा। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा हेमामालिनी पर कई गई अशोभनीय टिप्पणी पर गुरुवार को सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान पर हेमामालिनी की नामांकन सभा में कांग्रेस के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आधी आबादी का अपमान किया है। पूरा देश उनको सबक सिखाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मथुरा प्रतिष्ठित लोकसभा सीट पर सबसे विचित्र बात ये है कि जब तीसरी बार हेमामालिनी यहां प्रत्याशी बनीं तो किसी भी अन्य दल के पास प्रत्याशी ढूंढे हुए नहीं मिल रहा है। उधार में प्रत्याशी ला रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के नेता अपना आपा खो चुके हैं और भारत की मातृ शक्ति के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करके आधी आबादी का अपमान करने पर उतारू हैं लेकिन इनको जानकारी होनी चाहिए कि ये राधेरानी की भूमि है। यमुना मैया की कृपा इस भूमि पर है। अगर आधी आबादी का अपमान करोगे तो आधी आबादी ही नहीं बल्कि पूरा भारतवर्ष सबक सिखाएगा।

लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। इसका मतलब ये नहीं कि हम अनावश्यक रूप से मातृ शक्ति का अपमान करें। हम कला को, संस्कृति को, राष्ट्रीयता को या किसी जाति को टारगेट नहीं कर सकते, और यदि कोई ऐसा कर रहा है तो खुद के गड्ढा खोद रहा है। हेमा 

की कला का सम्मान देश-विदेश के लाखों लोग करते हैं। चाहे वो गंगा की प्रस्तुति, चाहे वो मीराबाई की प्रस्तुति और चाहे वो मां दुर्गा की प्रस्तुति हो, उस कला का सम्मान कौन भारतीय नहीं करेगा। और यह भी अगर कांग्रेसियों को बुरा लगता है तब तो भगवान भी उनको नहीं बचा पाएगा।

Share this story