लखनऊ में सुबह तेज बारिश, 75 जिलों में अलर्ट:कानपुर, वाराणसी में भी बरसात-तेज हवाएं; अभी 2 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
लखनऊ। यूपी में बेमौसम हो रही बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार के बाद शुक्रवार सुबह लखनऊ में तेज बारिश हुई। वहीं, कानपुर में सुबह बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल रहीं हैं। वाराणसी में तेज बारिश हुई। इसके अलावा, बरेली में भी बादल छाए हैं। छिटपुट बरसात हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूरे यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बीते 24 घंटे की बात की जाए तो प्रदेश में 21 जिलों में बारिश हुई। बहराइच में सबसे ज्यादा 34 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, गुरुवार शाम को गाजीपुर में ओले गिरे तो लखनऊ, मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद में बारिश हुई।
बांदा सबसे गर्म, कुशीनगर सबसे ठंडा
मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार से 28 मई तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार को यूपी में बांदा सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं कुशीनगर में बारिश न होने के बाद भी यूपी में सबसे ठंडा शहर रहा। यहां सबसे कम 28.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
इन जिलों में मूसलाधार बारिश के आसार
मौसम विभाग ने जहां पूरे यूपी में अलर्ट जारी किया है। वहीं, मौसम वैज्ञानिकों ने बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, मथुरा, आगरा, एटा, मैनपुरी, इटावा, लखीमपुर, सीतापुर, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी, प्रयागराज, चंदौली, गोरखपुर में मूसलाधार बारिश का अनुमान है।
यूपी में बारिश के टॉप-5 जिले
जिला | बारिश (मिमी. ) |
बहराइच | 34 |
हरदोई | 10 |
लखनऊ | 05 |
कानपुर | 1.2 |
गोरखपुर | 02 |
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, इसलिए फिर बारिश का दौर
कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रहा है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब और उससे सटे पाकिस्तान पर बना हुआ है। इसके असर से यूपी में बारिश का दौर शुरू हो गया है।
वाराणसी में तेज बारिश, हवाएं
वाराणसी में शुक्रवार सुबह धूप खिली। लेकिन, करीब 8 बजे अचानक बादल छा गए। इसके बाद मूसलाधार बारिश हुई। वाराणसी में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 38 डिग्री सेल्सियस, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शुक्रवार सुबह हवा 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है।
बरेली में सुबह से बादल छाए हुए हैं। देर रात बारिश हुई थी। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट हुई है।
बरेली में रात में हल्की बारिश...सुबह बादल
बरेली में गुरुवार देर रात हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को बरेली में 18 मिमी बारिश की संभावना है। अगले 3 दिन तक बरेली और आसपास के जिलों में बारिश का मौसम रहेगा। गुरुवार रात तेज हवा के साथ हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। आज का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री पर आ पहुंचा। एक दिन में 6 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 35 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। आज हवा की स्पीड 11 किमी प्रति घंटा से चलेगी।
यूपी में मौसम का उलटफेर जारी है। शुक्रवार सुबह प्रयागराज में जोरदार बारिश हुई।
प्रयागराज में भी बारिश, मौसम सुहाना हुआ
प्रयागराज में शुक्रवार सुबह से तेज गरज के साथ जोरदार बारिश हुई। लगभग 40 मिनट तक तेज बारिश होने के बाद रिमझिम बारिश की झड़ी लग गई। इसके बाद मौसम सुहावना हो गया। पानी के साथ हल्की हल्की हवाएं भी चल रही हैं।
यूपी के प्रमुख शहरों का तापमान...
जिला | अधिकतम | न्यूनतम | तापमान गिरा |
आगरा | 38.1 | 22.2 | 05 |
बलिया | 37.0 | 24.5 | 07 |
सुल्तानपुर | 29.4 | 24.8 | 11 |
गोरखपुर | 29.8 | 25.0 | 08 |
फुर्सतगंज | 32.0 | 23.0 | 09 |
कानपुर | 33.0 | 22.2 | 07 |
लखनऊ | 33.4 | 23.7 | 07 |
वाराणसी | 36.2 | 26.5 | 05 |