मनुष्य का चलता- फिरता चिकित्सक है गाय - सर्वजीत
 

 मनुष्य का चलता- फिरता चिकित्सक है गाय - सर्वजीत

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

लखनऊ । लखनऊ के श्री लक्ष्मण गौशाला में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गौसेवा गतिविधि के प्रान्त प्रमुख व प्रचारक सर्वजीत ने कहा कि गाय मनुष्य जीवन में चलती -फिरती चिकित्सक है। जिस घर में गाय है, वह घर के हर व्यक्ति की चिंता करती है। घर के व्यक्ति को भी गौ माँ की चिंता करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारी मान्यता है कि गाय में सभी देवी -देवता विराजमान हैं। सभी ऋषि -मुनियों और देवी-देवताओं का वास है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दस आयाम के माध्यम से कार्य कर रहा है। इसमें गौ उत्पाद पर कार्य हो रहा है। गौ ऊर्जा का कार्य हुआ है। गाय से समाधि खाद बन रही है। एक एकड़ के लिए डेढ़ ग्राम पर्याप्त है। गाय की परिक्रमा होती है, गाय 24 घण्टे ऑक्सीजन देती हैं।

उन्होंने कहा कि संघ से जुड़े 13 वैज्ञानिक काम कर रहे हैं, उन्होंने शोध कर प्रमाण दिया है। कार्यकर्ताओं द्वारा गोनायल, धूपबत्ती, नासिका, कण्डे जैसे दर्जनों वस्तुओं का निर्माण हो रहा है। इस तरह कार्य करने से गौशाला अपने आप ही स्वावलंबी हो जाएगी। किसी से सहयोग लिए बिना ही गौशाला की आर्थिक स्थिति मजबूत हो जाएगी। हम आध्यात्म, विज्ञान और अर्थ पर कार्य कर रहे है। इन तीनों प्रकार के कार्यों से किसान को स्वालंबी बनाने का कार्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कर रहा है।

भाजपा विधायक विपिन कुमार उर्फ़ डेविड ने कहा कि मेरे बड़े भाई थे। राजीव दीक्षित और वे मेरे एटा से थे। उनके समय से मैं गौ सेवा से जुड़ा रहा हूँ। लम्बे समय से गौसेवा का महत्व रहा है। गौसेवा का कार्य लोगों से जुड़ा रहा है, भारतीय संस्कृति से जुड़ा हुआ यह कार्य है।

उन्होंने कहा कि गौशाला स्वावलंबन के रूप में पहले बात होनी चाहिए। गौशालाओं को जनता के सहयोग से चलते हुए उसमें सरकार कैसे मदद करे, इस पर भी आयोजक चिंतन करे। हमारी मांग भी है कि गाय के महत्व को बढ़ाने के लिए देशी गाय की उपयोगिता बताई जाए। बुद्धि के लिए गाय का दूध पीजिए। बच्चों के परवरिश के लिए गाय का दूध ही पिलाइये।

कार्यशाला का संचालक राधेश्याम ने किया और अध्यक्षता श्यामनंदन सिंह ने किया। मौके पर गौशाला के संचालक गजेन्द्र सिंह सहित तमाम लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।
 

Share this story