सीएम योगी बोले- 4.32 करोड़ मतदाताओं ने साथ दिया:ऐसा पहली बार हुआ है कि नगर निगम की सभी 17 सीटें भाजपा ने जीतीं

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
लखनऊ । यूपी निकाय चुनाव में बंपर जीत के बाद सीएम योगी लखनऊ में शाम 5 बजे भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहां चारों ओर से घेरे नेताओं और कार्यकर्ताओं से योगी ने हाथ जोड़कर नमस्ते किया।
इसके बाद वह अंदर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे। वहां डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने उनको लड्डू खिलाया। फिर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी उनको मिठाई खिलाई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी उनके साथ रहे। भाजपा नेताओं ने योगी का अभिनंदन किया।
इसके बाद सीएम योगी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा, '2017 में चुनाव में 16 नगर निगम थे, उनमें 14 भाजपा ने जीती थीं। 2 बसपा ने जीती थीं। ऐसा पहली बार हुआ कि भाजपा ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की है। इसका श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन को दिया। यह निकाय चुनाव में भाजपा की अब तक की सबसे बड़ी जीत है।'
'यूपी सुशासन, विकास चलते नगर निकाय चुनाव में जनादेश मिला'
सीएम ने जीत के आंकड़े भी बताए। कहा, '2017 से भाजपा दोगुने से अधिक सीटें नगर पालिकाओं में जीत रही है। यूपी में सुशासन, विकास और सुरक्षा के वातावरण के चलते नगर निकाय चुनाव में जनादेश मिला है।' उन्होंने कहा, 'इस बार 3 नए नगर निगम अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और शाहजहांपुर बने हैं। इन तीनों में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है।
सीएम ने कहा कि स्मार्ट सिटी विकसित करने का प्लान डबल इंजन की सरकार ने जिस तरह से आगे बढ़ाया है, उसका रिजल्ट आपके सामने है। 200 नगर पालिका में से 199 के लिए चुनाव हुए हैं।
इसके साथ ही सीएम योगी ने कहा, ''हमारे सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने स्वार और छानबे दोनों उपचुनाव जीते और समाजवादी पार्टी को हराया। निकाय चुनाव और उपचुनाव में हमें अवसर देने के लिए मैं मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं। मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि यूपी सरकार उनके विकास और सुरक्षा के लिए काम करती रहेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 2017 में बीजेपी ने नगर पालिका में 60 सीटें जीतीं, लेकिन इस साल हमने निकाय चुनावों में दोगुनी से अधिक सीटें जीती हैं।''
सीएम योगी ने कहा, ''यूपी में भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत, सरकार और संगठन के समन्वय में अब तक सबसे बड़ी जीत हासिल की है। सभी नगर निगम में पूर्ण बहुमत मिला है। तीनों नए नगर निगम में जीत हासिल की है। ये सारे रुझान बताते हैं कि 4.32 करोड़ मतदाताओं ने हमारा साथ दिया है। यूपी में बेहतर वातावरण का परिणाम मिला है। भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश मिला है। पूरा चुनाव शांतिपूर्ण रहा है।''
जीत की खुशी, भाजपा में जश्न का माहौल
रिजल्ट की घोषणा होने के साथ ही भाजपा कार्यालय पर जश्न का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंचने लगे। ढोल-नंगाड़ों पर नाचते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाने का दौर शुरू हो गया।
दोपहर 3 बजे से शुरू हुआ जश्न, शाम 5 बजे सीएम योगी भी पहुंचे
विधानसभा रोड के भाजपा कार्यालय में दोपहर 3 बजे से ही जश्न शुरू हो गया। यहां कार्यकर्ता पहुंचने लगे थे। धीरे-धीरे काफी भीड़ लग गई। इस दौरान ढोल-नंगाड़े भी बजाए गए। शाम करीब 5 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ भी पहुंच गए। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की।
खाता खुलने के इंतजार में कार्यालय पहुंच रहे सपा कार्यकर्ता
समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर भी दोपहर 3 बजे से ही पार्टी के कार्यकर्ता जुटना शुरू हो गए। निकाय चुनाव में सपा से जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों के लिए कार्यकर्ता यहां सेलिब्रेशन की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि मेयर सीट पर सपा का खाता इस बार भी खुल नहीं सका है।