यूपी की सभी नगर निगमों में भाजपा का क्लीन स्वीप:पहली बार सभी 17 सीटों पर कमल खिला, सपा-बसपा 0

सभी 17 नगर निगमों में भाजपा ने किया क्लीन स्वीप:प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ, सपा-बसपा जीरो

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के 17 नगर निगमों के नतीजे आ गए हैं। सभी सीटों पर भाजपा ने क्लीन स्वीप किया है। सपा, बसपा और कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला। गोरखपुर में सपा प्रत्याशी ने रिजल्ट आने के बाद हंगामा किया। इसके बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट कर रि-काउंटिंग कराने की मांग की।

कानपुर नगर निगम में भाजपा की मेयर कैंडिडेट प्रमिला पांडेय दूसरी बार मेयर बनी हैं। उन्होंने करीब 2 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। लखनऊ में भाजपा की सुषमा खर्कवाल ने सपा की वंदना मिश्रा को बड़े अंतर से हराया है।

गाजियाबाद से भाजपा मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल ने 2.87 लाख वोटों से जीत दर्ज की है। प्रयागराज में भाजपा के उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी 1 लाख 29 हजार 394 मतों से सपा प्रत्याशी अजय कुमार श्रीवास्तव को मात दी है। अजय कुमार को 1 लाख 62 हजार 42 मत मिले। यहां कुल 494344 वोट पड़े थे।

​​​​​​17 नगर निगम में मेयर प्रत्याशी के रिजल्ट...

सीट जीते हारे
गोरखपुर भाजपा सपा
प्रयागराज भाजपा सपा
वाराणसी भाजपा कांग्रेस
मेरठ भाजपा AIMIM
फिरोजाबाद भाजपा सपा
बरेली भाजपा निर्दलीय
अलीगढ़ भाजपा सपा
गाजियाबाद भाजपा बसपा
अयोध्या भाजपा सपा
शाहजहांपुर भाजपा सपा
कानपुर भाजपा सपा
झांसी भाजपा कांग्रेस
लखनऊ भाजपा सपा
आगरा भाजपा बसपा
मुरादाबाद भाजपा कांग्रेस
सहारनपुर भाजपा बसपा
मथुरा-वृंदावन भाजपा सपा

 

हार पर गोरखपुर में सपा उम्मीदवार काजल निषाद का हंगामा
गोरखपुर में सपा प्रत्याशी काजल निषाद ने हार के बाद हंगामा किया। काजल निषाद ने कहा, "कैसे कंप्यूटर में ये डेटा बदल जाता है। मैं कैसे मानूं कि ये निष्पक्ष चुनाव हुआ है? कैसे मानूं कि धांधली नहीं हुई है? अधिकारी समझाएं मुझे।" अखिलेश यादव ने भी रि-काउंटिंग कराने की मांग की है।

अखिलेश ने ट्वीट किया, "गोरखपुर में डाले गए वोटों से ज्यादा वोट गिने जाने की धांधली की ख़बर पर चुनाव आयोग तत्काल संज्ञान लेकर मतगणना की सत्यता को जांचें और गलत पाए जाने पर रि-काउंटिंग करवाए।"

सपा समर्थक मतगणना में घपला करने का आरोप लगा रहे हैं। जिले के अधिकारियों के साथ सपा नेता और काजल निषाद के बीच बहसबाजी हुई। काजल निषाद के समर्थक को पुलिस घसीट कर बाहर ले गई। इसके बाद मामला और गरमा गया।

प्रयागराज में मंत्री नंदी के बूथ पर पड़े 150 वोट

प्रयागराज में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के वार्ड 80 मोहत्सिमगंज में भाजपा की शर्मनाक हार हुई। इस वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी कुसुम लता गुप्ता 1674 वोट से जीतीं हैं। जबकि बीजेपी प्रत्याशी विजय वैश्य को 1275 वोट मिले हैं। नंदी के 932 नंबर बूथ पर बीजेपी को महज 150 वोट मिले। निवर्तमान मेयर और मंत्री नंदी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता ने भी इसी बूथ पर वोट डाला था।

  1. आगरा में भाजपा की मेयर प्रत्याशी हेमलता दिवाकर जीत गईं हैं। बसपा प्रत्याशी डॉ. लता वाल्मीकि को हराया है।
  2. मेरठ में भाजपा मेयर प्रत्याशी हरिकांत अहलूवालिया ने जीत दर्ज की है। हरिकांत ने सपा की सीमा को हराया है।
  3. मुरादाबाद से बीजेपी के विनोद अग्रवाल जीत गए हैं। उन्हें 1,21,415 वोट मिले हैं। 3589 वोटों से कांग्रेस के हाजी रिजवान कुरैशी को हराया है।
  4. लखनऊ में भाजपा मेयर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल जीत गईं हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी वंदना मिश्रा को हराया है।
  5. प्रयागराज में बीजेपी प्रत्याशी उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी 1 लाख 29 हजार 394 मतों से सपा प्रत्याशी अजय कुमार श्रीवास्तव को हराया है। अजय कुमार को 1 लाख 62 हजार 42 मत मिले। यहां कुल 494344 वोट पड़े थे।
  6. गाजियाबाद से भाजपा मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल 2 लाख 87 हजार वोटों से जीत गई हैं।
  7. अलीगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत सिंघल की जीत। सिंघल को 60902 वोट मिले हैं। समर्थकों ने जय जय श्री राम और वंदे मातरम के नारे लगाए।
  8. कानपुर में भाजपा प्रत्याशी प्रमिला पांडे ने सपा की वंदना वाजपेई को हरा दिया है।
  9. फिरोजाबाद में भाजपा प्रत्याशी कामिनी राठौर ने सपा प्रत्याशी मशरूम फातिमा को 26961 वोटों से हरा दिया है।
  10. बरेली महापौर सीट पर डॉ. उमेश गौतम दूसरी बार भाजपा के मेयर चुने गए हैं। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर को हरा दिया है।
  11. शाहजहांपुर से भाजपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा 30256 वोट से जीत गई हैं। अर्चना को 80740 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस को 50484, सपा को 20144 और बसपा को 5573 वोट मिले हैं।
  12. गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने 67,026 वोटों से सपा प्रत्याशी काजल निषाद को हरा दिया है। मंगलेश श्रीवास्तव को 2,14,983 और काजल निषाद को 1,47,957 वोट मिले हैं।
  13. झांसी में भाजपा के मेयर प्रत्याशी बिहारीलाल ने 80 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के अरविंद कुमार बबलू हैं।
  14. अयोध्या में भाजपा प्रत्याशी गिरिश पति तिवारी ने सपा को हराया है।
  15. मथुरा से भाजपा मेयर प्रत्याशी विनोद अग्रवाल जीत गए हैं। दूसरे नंबर पर सपा रही।
  16. वाराणसी में भाजपा के मेयर प्रत्याशी अशोक तिवारी ने जीत हासिल की है। अशोक तिवारी ने सपा के ओमप्रकाश सिंह को बड़े अंतर से हराया है।
  17. सहारनपुर में भाजपा के डॉ. अजय सिंह ने बसपा की खदीजा मसूद को 8850 वोटों से हराया है।

Share this story