लखनऊ, कानपुर समेत 15 शहरों में अलर्ट:आंधी-बारिश हो सकती है; आगरा, बरेली, मेरठ रहे सबसे ठंडे; 7°C तक गिरा तापमान

लखनऊ, कानपुर समेत 15 शहरों में अलर्ट:आंधी-बारिश हो सकती है; आगरा, बरेली, मेरठ रहे सबसे ठंडे; 7°C तक गिरा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में 28 अप्रैल तक आंधी और बारिश की संभावना है। सोमवार को जिन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें कानपुर, लखनऊ, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा और रायबरेली हैं। इस दौरान आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है।

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 लखनऊ।  यूपी में एक बार फिर मौसम में उलटफेर हुआ है। रविवार को 15 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश हुई। सोमवार को भी मौसम कुछ ऐसा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज समेत 15 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही उतार-चढ़ाव भरा रहेगा।

इससे पहले, रविवार को अचानक मौसम बदल गया। लखनऊ में दोपहर से शुरू हुई छिटपुट बारिश देर रात तक होती रही है। कानपुर-फतेहपुर में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। जालौन में तो हवा की स्पीड इतनी तेज थी कि कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए। जोरदार बारिश हुई।

इसके अलावा, मथुरा, बागपत, गाजीपुर, रायबरेली में कहीं हल्की, कहीं तेज बारिश हुई। बागपत में 2 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और आंधी के चलते गर्मी से लोगों को राहत मिली। आगरा, बरेली, मेरठ शहरों के न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई है। प्रदेश में बरेली जिले में रात सबसे ठंडी रहीं। यहां न्यूनतम तापमान 17.6°C दर्ज किया गया।

इन शहरों में अलर्ट, 28 अप्रैल तक बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में 28 अप्रैल तक आंधी और बारिश की संभावना है। सोमवार को जिन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें कानपुर, लखनऊ, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा और रायबरेली हैं। इस दौरान आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है।

यूपी के प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम
आगरा 32.7°C 22.3°C
बरेली 32.4°C 17.7°C
गोरखपुर 38.8°C 22.0°C
झांसी 34.6°C 21.7°C
कानपुर 34.8°C 23.2°C
लखनऊ 36.8°C 24.2°C
मेरठ 32.1°C 24.3°C
प्रयागराज 38.9°C 22.8°C
वाराणसी 38.9°C 22.2°C

(इन आंकड़ों का सोर्स IMD की वेबसाइट है)

वाराणसी में पछुआ हवा ने गिराया पारा, तापमान 22°C
वाराणसी में कड़ी धूप के बावजूद गर्मी थोड़ी कम है। तापमान 22.6°C पर है। ठंडी-ठंडी हवा चल रही है। देर रात तक चली पछुआ हवा ने मौसम को बेहद ठंडा कर दिया था। हवा 19 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से बह रही थी। इसके साथ ही हल्की-फुल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि वाराणसी मे अगले दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। आज भी घने बादल छाने के साथ बूंदाबांदी या हल्की-फुल्की बरसात हो सकती है। यहां तापमान अचानक से 40-42°C से 22-25°C पर आ गया।
रविवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था। वहीं, न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया।

आगरा में 27 अप्रैल को फिर बादल छाने का पूर्वानुमान
आगरा में सोमवार सुबह धूप निकली है। तापमान भी 28°C पहुंच गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी। इससे तापमान बढ़ जाएगा। दो दिन धूप निकलने के बाद 27 अप्रैल से दोबारा बादल छाएंगे लेकिन तापमान में ज्यादा कमी नहीं आएगी।

अयोध्या में आसमान साफ, धूप निकली
अयोध्या में सोमवार सुबह आसमान साफ है। रविवार को हल्की बारिश हुई थी। रात में न्यूनतम तापमान 27.3°C, जबकि अधिकतम तापमान 37.1°C दर्ज किया गया। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में बारिश के आसार नहीं हैं। दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

झांसी में बारिश से तापमान में 10°C तक गिरावट
झांसी में सोमवार सुबह तेज धूप खिली। रविवार शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम सुहाना है। 3 दिन पहले तक अधिकतम तापमान 43°C के आस-पास पहुंच गया था। बारिश होने से तापमान में 10°C तक गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 21°C रहने का अनुमान है।

Share this story