वाराणसी : अवैध अस्पतालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 4 अस्पतालाें को सील किया गया 

Varanasi: Rapid action on illegal hospitals, 4 hospitals sealed

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

वाराणसी । इन दिनों अवैध अस्पतालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। आज भी 4 अस्पतालाें को सील दिया गया। इसमें भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है। DM कौशल राज शर्मा के निर्देश पर हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से अभियान चलाया गया है। आज वाराणसी के 4 अस्पतालों में काफी गड़बड़ियां मिलीं। CMO डॉ. संदीप चौधरी के औचक निरीक्षण में एक अस्पताल ऐसा भी मिला, जिसका रजिस्ट्रेशन रद्द होने के बावजूद संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा एक झोलाछाप डाक्टर सुभाष सिंह के अस्पताल को सील कर उस पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। इसके पास डिग्री भी नहीं थी।

वाराणसी के अवैध अस्पताल को आज स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया।

वाराणसी के अवैध अस्पताल को आज स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया।

डाॅ. चौधरी ने बताया कि भुवनेश्वर नगर कालोनी 4 अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया गया। मातेश्री चिल्ड्रेन हास्पिटल में तीन नवजात सहित 5 बच्चें भर्ती थे। उनकी देख-रेख के लिए वहां कोई भी डॉक्टर या पैरा मेडिकल स्टाफ नहीं था। इस अस्पताल के संचालक डाॅ. एके सिंह हैं। वहां मौजूद स्टाफ को अस्पताल बंद करते हुए भर्ती मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कराने का निर्देश दिया गया।

वाराणसी के मातेश्री चिल्ड्रेन हॉस्पिटल पर भी ताला लटकाया गया।

वाराणसी के मातेश्री चिल्ड्रेन हॉस्पिटल पर भी ताला लटकाया गया।

रजिस्ट्रेशन निरस्त होने के बाद भी खोले गए अस्पताल

इसके साथ ही इस अस्पताल का रजिस्ट्रेशन भी नहीं था। यही नहीं, इसके बगल में स्थित सहयोग हाॅस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर और वेदांशी हास्पिटल न्यूरो एंड ट्राॅमा सेंटर ने भी अपने रजिस्ट्रेशन का रिन्यूअल नहीं कराया था। यहां धड़ल्ले से मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। इन सेंटरों के पास फायर सेफ्टी की NOC तक नहीं थी। कुछ ही दूरी पर नोबल मेडिसिटी हाॅस्पिटल में मरीज भर्ती किए जा रहे थे। जबकि, इनका रजिस्ट्रेशन पहले ही निरस्त किया जा चुका था। मगर, इसके बावजूद यह अस्पताल संचालित हो रहा था। रजिस्ट्रेशन नियमों के उल्लंघन के मामले में इन सभी अस्पतालाें के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए संबंधित थानों को पत्र लिखकर कार्रवाई करने की बात कही गई।

वाराणसी के चौबेपुर स्थित अवैध अस्पतालों पर तालाबंदी करते ऑफिसर।

वाराणसी के चौबेपुर स्थित अवैध अस्पतालों पर तालाबंदी करते ऑफिसर।

झोलाछाप डॉक्टर पर FIR और क्लीनिक को किया सील
औचक निरीक्षण के दौरान एक झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ भी शिकायत मिली। अस्पताल को सील करके फर्जी डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया गया। चौबेपुर के रजवारी क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर सुभाष सिंह कथित क्लीनिक पर मौजूद मिले। उनके द्वारा अंग्रेजी दवाओं और इंजेक्शन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इनके क्लीनिक पर RS और DNS की खाली बोतलें पाईं गईं। इससे प्रतीत होता है कि वह मरीज भर्ती करके इलाज करते हैं।

वाराणसी के नोबेल मेडिसिटी हॉस्पिटल को बंद कर दिया गया।

वाराणसी के नोबेल मेडिसिटी हॉस्पिटल को बंद कर दिया गया।

डॉक्टरी की डिग्री तक नहीं थी

इनके पास कोई डिग्री और रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। डाॅ. सुभाष सिंह को कहा गया कि वे मरीजों को परामर्श देना और भर्ती तत्काल प्रभाव से बंद कर दें। साथ ही चौबेपुर पुलिस से कहा गया कि तथाकथित डॉक्टर सुभाष सिंह के खिलाफ बिना डिग्री और रजिस्ट्रेशन के ट्रीटमेंट करने के जुर्म में FIR दर्ज की जाए। साथ ही अवैध रूप से संचालित क्लीनिक का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए। इसके बाद मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठान को सील करा दिया गया।

Share this story