विधानसभा में फेसबुक लाइव स्ट्रीमिंग करने पर हुआ हंगामा, स्पीकर ने सपा नेता को सदन से किया OUT

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के पहले दिन योगी सरकार ने अनुपूरक बजट पेश किया था। जिसके बाद आज यानि की मंगलवार को शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन है।
बता दें कि हंगामे के साथ सत्र की कार्यवाही की शुरूआत हुई। विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ के पहुंचने पर सपा विधायक जमकर हंगामा करने लगे।
इस दौरान सपा विधायक मैनपुरी लोकसभा चुनाव, खतौली और रामपुर विधानसभा उपचुनाव में गड़बड़ियों के आरोप लगा रहे थे। वहीं विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सपा विधायकों को शांत रहने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माने।
सपा विधायकों ने किया जमकर हंगामा
जिस कारण 15 मिनट के लिए सदन की कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया। इसके कुछ देर बाद सामने आया कि सदन के अंदर की कार्यवाही का कुछ विधायक फेसबुक लाइव कर रहे थे।
यह मामला सामने आने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि ये सदन की मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जो भी विधायक सदस्य ऐसा कर रहे हैं। वह ये ना करें।
वहीं जांच में सामने आया कि सपा विधायक अतुल प्रधान मोबाइल से फेसबुक लाइव कर रहे थे। जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष महाना ने उन्हें सत्र छोड़कर जाने के लिए कह दिया। इस दौरान उन्हें पूरे सत्र के लिए सदन से बाहर रहने के लिए कहा गया।
स्थगित की गई सदन की कार्रवाई
इसी दौरान सपा विधायक लालजी वर्मा अतुल प्रधान के फेसबुक लाइव करने के बचाव में सामने आए। लालजी वर्मा ने कहा कि अतुल प्रधान पहली बार सदन के सदस्य बने हैं। उनको सदन से फेसबुक लाइव नहीं करने की जानकारी नहीं थी।
लालजी वर्मा की बात सुनकर विधानसभा अध्यक्ष ने अतुल प्रधान को केवल आज के लिए ही सदन के सत्र में 1 बजे तक शामिल नहीं होने के आदेश दिए।
बता दें कि सत्र के पहले दिन वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 33769 करोड़ 54 लाख रुपए का अनुपूरक बजट पेश किया था। वहीं सदन स्थगित होने के कुछ देर बाद फिर से कार्रवाई शुरू की गई।