ओमप्रकाश राजभर पर जमीनी कार्यकर्ताओं के उपेक्षा का आरोप :सुभासपा के बागियों ने सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का एलान किया

Omprakash Rajbhar accused of neglect of grassroot workers: Subhasp's rebels announced Suheldev Swabhiman Party

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
 

मऊ। बीते एक पखवारे से सुभासपा में चल रही रस्साकसी ने मंगलवार को नया विकल्प दे दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में सुभासपा के बागियों ने सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का एलान किया। कार्यकर्ताओं ने पूर्व सुभासपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना।

गठन के दौरान महेंद्र राजभर ने सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर जमीनी कार्यकर्ताओं के उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि नगर निकाय चुनाव से नवनियुक्त पार्टी अपने चुनावी रण का आगाज करेगी।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से अलग होने के बाद महेंद्र राजभर ने मंगलवार को अपनी नई पार्टी के गठन का एलान कर दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिले भर के कार्यकर्ताओं के बीच महेंद्र राजभर ने आने वाले नगर निकाय व लोकसभा चुनाव में पार्टी के चुनावी मैदान में उतरने का संकेत दिया।

ओमप्रकाश ने पार्टी के गठन के बाद सिर्फ अपने परिवार को तरजीह देकर कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया

महेंद्र राजभर ने बताया कि अब वह जनता के बीच सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के मंच के माध्यम से जाएंगे। कहा कि ओमप्रकाश राजभर ने पार्टी के गठन के बाद से सिर्फ अपने परिवार को तरजीह देकर कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया। कार्यकर्ताओं ने जिस पार्टी को सिर आंखों पर बिठाया और पूरे पूर्वांचल में एकजुट होकर पूरे देश में अपने ताकत का एहसास कराया। पार्टी का कार्यकर्ता जब भी अपनी बात रखने के लिए शीर्ष नेतृत्व से बात करता है तो उसे दरकिनार कर दिया जाता था।

पार्टी आने वाले नगर निकाय व लोकसभा चुनाव में भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी

घुटन महसूस करने वाले कार्यकर्ताओं ने यह तय किया कि अपने समाज को नई दिशा और दशा देने के लिए एक नए नेतृत्व की आवश्यकता है। आज इसी का परिणाम सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी है। मीडिया से बातचीत में महेंद्र राजभर ने बताया कि पार्टी आने वाले नगर निकाय व लोकसभा चुनाव में भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। यह राजनीति की नई लकीर होगी, जहां कार्यकर्ता का सम्मान होगा। नई कार्यकारिणी में डा. बलिराज राजभर को राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव, बृजेश राजभर प्रदेश अध्यक्ष, रामदुलारे राजभर को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया।

यह भी पढ़ें :  पीएफआइ पर बैन लगने के बाद वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट मोड में, सोशल मीडिया पर भी नजर 
 

Share this story