ओपी राजभर ने भाजपा में जाने की अटकलों पर लगाया विराम, कहा- BJP विरोधी दलों के साथ मिलकर बनाएंगे तीसरा मोर्चा

ओपी राजभर ने भाजपा में जाने की अटकलों पर लगाया विराम, कहा- BJP विरोधी दलों के साथ मिलकर बनाएंगे तीसरा मोर्चा

Newspoint24/ newsdesk / एजेंसी इनपुट के साथ

लखनऊ। पहले कांग्रेस फिर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता व अखिलेश की तीसरे मोर्चे की कवायद भले परवान न चढ़ी हो लेकिन अब सुभासपा के अध्यक्ष ओपी राजभर की योजना कितनी कारगर होगी यह तो आने वाला समय तय करेगा।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी प्रकाश राजभर का कहना है कि वह वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा विरोधी राजनीतिक दलों को एकजुट कर तीसरा मोर्चा बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा विरोधी पार्टियों एकजुट कर भाजपा को रोकने का प्रयास करेंगे। इस गठबंधन में ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, लालू प्रसाद यादव, उद्धव ठाकरे समेत अन्य भाजपा विरोधी राजनीतिक दलों को शामिल किया जाएगा। राजभर ने बताया कि उन्होंने ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और लालू यादव से मुलाकात की है। लोकसभा चुनाव को लेकर तीसरे मोर्चे की कवायद चल रही है। जल्द इस पर बैठक की योजना है।

सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और पार्टी महासचिव अरविंद राजभर की अगुवाई में दारुलसफा में आयोजित दो दिवसीय कार्यकर्ताओं और नेताओं के प्रशिक्षण शिविर में आगे की रणनीति पर मंथन हुआ। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर दिशा निर्देश दिये गये।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में ओमप्रकाश ने भाजपा के साथ फिर जाने की अटकलों पर विराम लगा दिया। बताया कि दयाशंकर सिंह से उनके पुराने रिश्ते हैं और वह क्षेत्र की समस्या को लेकर उनसे मिलने गए थे।

राजभर ने सपा के साथ गठबंधन जारी रहने की बात को फिर से दोहराते हुए कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में सपा के साथ मिलकर लड़ेगी।

उन्होंने बताया कि आगे के चुनाव को देखते हुए अपनी पार्टी को पूरे प्रदेश में मजबूत करने के लिए रणनीति बनाई गयी है। प्रदेश को चार भागों में बांटा गया है। प्रदेश में एक समान संदेश भेजने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता व नेता गांव-गांव जाएंगे और लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे। उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए योगी सरकार पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से बेरोजगार नौकरी के लिए घूम रहे हैं, जो भर्ती निकाली जा रही है उसका पेपर आउट हो जा रहे हैं। पुरानी पेंशन बहाली, जातिगत जनगणना जैसे तमाम समस्यायें है।

राजभर ने कहा कि सुभासपा इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जायेगी। सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछली बार पार्टी के चार विधायक जीते थे इस बार छह विधायक जीते हैं, आगे और अच्छे परिणाम आएंगे।

गौरतलब है कि हाल ही में हुये विधानसभा चुनाव में ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जिससे पूर्वांचल में सपा मजबूत हुई है। कई जिलों में भाजपा को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। ओमप्रकाश राजभर की पार्टी के छह विधायक इस बार जीत कर आए हैं।

विधानसभा चुनाव के बाद राजभर ने प्रदेश को चार भागों में बांट कर पार्टी का काम करने का फैसला किया था। इसी फैसले के तहत पार्टी ने दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया था।

Share this story