मुरादाबाद : नगर निगम बोर्ड बैठक में सफाई के मुद्दे पर पार्षदों का हंगामा, अपर नगर आयुक्त पर लगाया झूठ बोलने का आरोप

मुरादाबाद : नगर निगम बोर्ड बैठक में सफाई के मुद्दे पर पार्षदों का हंगामा, अपर नगर आयुक्त पर लगाया झूठ बोलने का आरोप

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

मुरादाबाद। शनिवार को नगर निगम सभागार में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के पार्षदों ने कंपनियों की लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाकर सदन में हंगामा किया।

भाजपा के वरिष्ठ पार्षद संजय सक्सेना वार्ड 13 सिविल लाइंस ने बायोमेट्रिक अटेंडेंट अब तक शुरू न होने पर अपर आयुक्त अनिल कुमार सिंह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।

उन्होंने डोर टू डोर कूड़ा उठान पर सवाल खड़ा किया। लायन कंपनी को बीस वार्ड में काम देने के औचित्य और इस व्यवस्था पर कितना खर्च हो रहा है इसका सवाल पूछा।

कमल सिनेमा के बाहर मिनी एमआरएफ और हाईड्रोलिक सिस्टम पर सवाल उठाया, हाउस टैक्स पर छूट की बात उठाई। नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था के बारे में अनिल सिंह और सड़कों के लिए मुख्य अभियंता से जवाब देने के लिए कहा।

अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने कहा कि सफाई सतत चलने वाली व्यवस्था है। इसमें सुधार के निरंतर प्रयास जारी हैं। डोर टू डोर कूड़ा उठान में नगर निगम सफल नहीं है। लायन कंपनी के आने से शिवरात्रि के बाद सफाई व्यवस्था बीस वार्ड में सुधरेगी।

कांग्रेस पार्षद अनुभव महरोत्रा ने कहा कि उनका वार्ड सबसे बड़ा व सभी महत्वपूर्ण बाजार वाला है लेकिन कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था दुरूस्त न होने का सवाल खड़ा किया।

कांग्रेस पार्षद मोहम्मद नदीम ने विपक्षी पार्षदों को बात न रखने देने का आरोप मढ़ा। उन्होंने कहा कि न तो ठीक से सफाई हो रही है और न पालीथिन प्रयोग पर प्रतिबंध लगा है, केवल रस्म अदायगी की जा रही है।

कर निर्धारण के लिए आने वाले कर्मचारियों पर पैसा मांगने का आरोप कांग्रेस के पार्षद ने मढ़ा। इस पर महापौर ने कहा कि जीरो टालरेंस की सरकार में भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बोर्ड बैठक में नगर आयुक्त संजय चौहान, विशेष आमंत्रित विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, मुरादाबाद देहात के सपा विधायक नासिर कुरैशी सहित वार्डों के पार्षद मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : हाथरस सड़क हादसा : डंपर ने कांवड़ियों के जत्थे को रौंदा , 6 की मौत

Share this story