मथुरा: मुख्यमंत्री ने दूसरे दिन के दौरे की शुरूआत ठाकुरजी की पूजा अर्चना से की

मथुरा: मुख्यमंत्री ने दूसरे दिन के दौरे की शुरूआत ठाकुरजी की पूजा अर्चना से की

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

मथुरा। मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे का बुधवार दूसरा दिन है। उन्होंने दूसरे दिन की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं श्रीराधा कृष्ण के विग्रह की आरती उतार व पूजा अर्चना के साथ की।

गौरतलब हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को देर शाम मथुरा पहुंचे थे। चंडीगढ़ से आगरा पहुंचने में हुई देरी के कारण उनका मथुरा आगमन भी करीब ढाई घंटे देरी से हुआ। बारिश के कारण महारास कार्यक्रम स्थगित होने पर उन्हें सीधे रात्रि विश्राम के लिए यूपी वेटरनेरी विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस ले जाया गया।

बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी ने वेटरनरी विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस परिसर में आम का पौधा लगाया। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए रवाना हो गए। यहां उन्होंने सबसे पहले ठाकुर केशव देव महाराज के दर्शन किए।

यहां से वह योगमाया मंदिर पहुंचे। उन्होंने गर्भगृह में भी दर्शन किए। भागवत भवन में उन्होंने जुगल सरकार की पूजा अर्चना कर आरती की। जन्मस्थान में निर्माणाधीन लीला मंच के बारे में उन्होंने जानकारी की।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने उन्हें निर्माण के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर दर्शन करने के बाद आझई में भक्ति वेदांत गुरुकुल में कृष्ण बलराम के मंदिर और दूध डेयरी का लोकार्पण करने निकल चुके हैं।

भक्ति वेदांत गुरुकुल में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां की हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

डीएम पुलकित खरे ने बताया कि बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भक्ति वेदांत गुरुकुल इस्कॉन एवं इंटरनेशनल स्कूल परिसर में स्थापित कृष्ण बलराम मंदिर और गो डेयरी प्लांट का उद्घाटन करेंगे।

वह यहां श्रद्धालुओं और छात्रों को संबोधित भी करेंगे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए सभी ड्यूटी स्थलों को जांचा गया है। प्रत्येक स्थान पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है।

बारिश के कारण महारास का कार्यक्रम स्थगित

मंगलवार शाम को सांसद हेमा मालिनी के महारास का आयोजन तय था। इसमें शिरकत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मथुरा आए लेकिन शाम छह बजे के बाद अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया।

आसमान में बिजली चमकने लगी और बारिश होने लगी। बारिश के कारण महारास का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। यह कार्यक्रम अब आज शाम को जवाहर बाग में होगा।
 

Share this story