काशी की ठंड कंपा रही : वाराणसी में छाया घना कोहरा, सर्दी से भी राहत नहीं, न्यूनतम तापमान 3 डिग्री पहुंचा

वाराणसी में  छाया घना कोहरा, सर्दी से भी राहत नहीं, न्यूनतम तापमान 3 डिग्री पहुंचा

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

वाराणसी। काशी की ठंड कंपा रही है। सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान लुढ़ककर सामान्य से काफी नीचे आ गया। तो मंगलवार को भी मौसम ऐसा ही रहा। सुबह से ही घने कोहरे की चादर छायी रही। इसी का नतीजा रहा कि गलन अधिक लग रही थी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी ठंड का सितम बरकरार रहेगा।  घना कोहरा भी छाया रहेगा।


पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने के कारण ही ठंड के तेवर और तल्ख हो गए हैं। सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है, जो सामान्य तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। मंगलवार को भी सुबह में हवा में नमी अधिक रही। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडे के अनुसार अभी शीतलहरी का मौसम बना रहेगा। तापमान में और कमी के आसार हैं। 

वाराणसी मौसम।

  

पिछले 24 घंटे के दौरान ही तापमान में .3 डिग्री की गिरावट रिकार्ड की गई। गत रविवार को यही पारा 3.8 डिग्री सेल्सियस था। ठीक यही हाल दिन के ठंड का रहा है। जो अधिकतम पारा रविवार को 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा, वह लुढ़ककर सोमवार को 15, 1 डिग्री हो गया। यह तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम है। दिन में धूप हुई, लेकिन गलन भरी हवाओं ने राहत की सांस नहीं लेने दी। दिनभर कंपकंपी छूटती रही। शाम होते ही ठंड और बढ़ गई। इससे रूह तक कांप उठी।  मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पछुआ हवाओं की गति करीब 12 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे रही है। 

 जिस तरह से उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही है, इस वजह से ठंड अभी और पड़ने की संभावना है। तापमान में भी कमी होने के आसार हैं। 
एसएन पांडेय, मौसम वैज्ञानिक 

 कोहरे ने बिगाड़ा एक्यूआई, येलो जोन में बनारस
 कोहरे के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी खराब हो गया है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 102 तक पहुंच गया। इससे पूरा शहर लंबे समय के बाद येलो जोन में पहुंच गया। अर्दली बाजार का इलाका सबसे अधिक प्रदूषित रहा। इसका एक्यूआई 117, मलदहिया का एक्यूआई 108, भेलूपुरा का एक्यूआई 99 और बीएचयू का एक्यूआई 83 दर्ज किया गया। 

यह भी पढ़ें : मिर्जापुर: विंध्य कॉरिडोर के नाम पर बड़ी जालसाजी, फेसबुक पेज बनाकर ऑनलाइन वसूली, जांच में जुटी 8 सदस्यीय टीम

Share this story