विंध्य काॅरिडोर के निर्माण की प्रगति परखेंगे मुख्य सचिव, अधिकारियों की लेंगे क्लास

विंध्य काॅरिडोर के निर्माण की प्रगति परखेंगे मुख्य सचिव, अधिकारियों की लेंगे क्लास

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र 30 जनवरी को मीरजापुर आएंगे। वाराणसी से सड़क मार्ग से शाम चार बजे विंध्याचल पहुचेंगे और मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करेंगे। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजक्ट निर्माणाधीन विंध्य काॅरिडोर का निरीक्षण करेंगे।

विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके बाद पथरहिया स्थित आयुक्त सभागार में समीक्षा बैठक करेंगे। अधिकारियों के साथ करीब तीन घंटे तक समीक्षा करने के बाद शाम सात बजे सोनभद्र के लिए रवाना हो जाएंगे।

दिसम्बर 2023 तक विंध्य काॅरिडोर का निमार्ण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है। ऐसे में मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र काॅरिडोर का निरीक्षण करेंगे। कितना बन चुका है और कितने दिन में विंध्य बनकर तैयार होगा। इसका भी आकलन करेंगे।

काॅरिडोर निर्माण में आने वाली समस्याएं भी जानेंगे। विंध्य काॅरिडोर निर्माण के नामित राजकीय निर्माण निगम के सहायक अभियंता राजकुमार पांडेय ने बताया कि काॅरिडोर के अंतर्गत दो मंजिला परिक्रमा पथ बनकर तैयार है।

दीवार का निर्माण चल रहा है। प्लाजा भी लगभग बन गया है। काॅरिडोर के अंतर्गत दो लाख लीटर का अंडर ग्राउंड पानी टंकी भी बनेगा। इसका निर्माण कार्य चल रहा है। पक्का घाट पर गेट की ढलाई हो चुकी है। दर्शनार्थी इसी गेट से घाट पर आने जाने भी लगे हैं।

न्यू वीआइपी, पुरानी वीआइपी, कोतवाली गली, पक्का घाट मार्ग व परिक्रमा पथ का निर्माण कार्य चल रहा है। परिक्रमा पथ पर रंगाई-पुताई शुरू हो गया है। पानी निकासी के लिए नाली निर्माण भी चल रहा है।

मुख्य सचिव के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जागा नगर पालिका

विंध्य काॅरिडोर की निर्माण प्रगति परखने के लिए आठ से 15 फरवरी तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी आने की संभावना है। मुख्य सचिव के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सफाई व्यवस्था व अन्य विवादों से घिरा नगर पालिका परिषद भी जाग उठा है और मुख्य सचिव के स्वागत की तैयारी में जुट गया है।

Share this story