स्वामी प्रसाद मौर्य और बिहार के शिक्षा मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
चित्रकूट। रामचरितमानस पर की गई अभद्र टिप्पणी मामले में राजापुर थाना में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य और बिहार के शिक्षामंत्री चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। इसे लेकर पूर्व में रामचरित मानस के रचयिता संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर (चित्रकूट) के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने करीब नौ घंटे धरना- प्रदर्शन किया। इसके बाद राजापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के राजापुर में रामचरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास जी की जन्मभूमि है। रामचरित मानस पर बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर सिंह एवं यूपी के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने अमर्यादित टिप्पणी की थी। इसे लेकर पूरे प्रदेश में बवाल मचा हुआ है।
इससे पहले श्रीतुलसी पीठाधीश्वर जगदगुरु रामभद्राचार्य महराज ने रामचरित मानस पर टिप्पणी करने वाले दोनों नेताओं पर करारा प्रहार किया। इसके बाद तुलसीदास की जन्मभूमि राजापुर में कई हिन्दू संगठनों ने सैकड़ों लोगों के साथ तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन के बाद दोनों नेताओं का न सिर्फ पुतला फूंका, बल्कि कार्रवाई की मांग की। इसके बाद धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन में शामिल समाजसेवी अनुज हनुमत द्विवेदी ने राजापुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि जिस तरह बिहार के शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर सिंह ने रामचरितमानस को लेकर विवादित टिप्पणी की है, उससे विश्व के करोड़ों हिन्दुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज शुक्ला ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य के श्री रामचरित मानस की चौपाइयों पर विवादित बयान उनकी मानसिक कमजोरी और अज्ञानता का प्रमाण है। राष्ट्रीय हिन्दू संगठन चित्रकूट जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने दोनों नेताओं के गलत बयानबाजी की घोर निन्दा की है।
वहीं करीब नौ घंटे तक धरने पर बैठने के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराया। धरना प्रदर्शन में गोस्वामी तुलसीदासजी जी की वंश परंपरा से रामआश्रय पुजारी जी,पुजारी तुलसी जन्मकुटीर विष्णुकान्त चतुर्वेदी, अटल जनशक्ति के ज़िलाध्यक्ष अन्नु मिश्रा ,पत्रकार अनिल देवरहा सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।
राजापुर थानाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने बताया कि बिहार के शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर सिंह और यूपी के सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस को लेकर विवादित बयान दिया था। इस मामले में एक तहरीर प्राप्त हुई है,जिसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है।