अनर्गल प्रलापों के पीछे अखिलेश यादव का हाथ : केशव प्रसाद मौर्य

 अनर्गल प्रलापों के पीछे अखिलेश यादव का हाथ : केशव प्रसाद मौर्य

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

झांसी। एमएलसी स्नातक, शिक्षक एमएलसी में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन के लिए झांसी पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वामी प्रसाद मौर्या के अनर्गल प्रलाप के पीछे सपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हाथ बताया। उन्होंने एमएलसी स्नातक और शिक्षक एमएलसी के सभी पांच सीटों के प्रत्याशी जीतने का दावा करते हुए बागेश्वर धाम के सनातन संस्कृति के कार्य को स्वागत योग्य बताया। वह सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब हो रहे थे।

उपमुख्यमंत्री ने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि आम जन का केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के जनहित कार्यों से लगातार जुड़ाव बढ़ता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी पहली बार शिक्षक एमएलसी और स्नातक के चुनाव में लोक तांत्रिक प्रक्रिया से हिस्सा ले रही ओर सभी चुनाव जीतेगी। उन्होंने का भारतीय जनता पार्टी का सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास लेकर काम कर रही है।

जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते जबरजस्त समर्थन पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह को दिए गए पद्म विभूषण सम्मान पर टिप्पणी करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्या को जबाब देते हुए कहा कि मुलायम सिंह जी को पद्म विभूषण दिए जाने पर बयान बाजी कर रहे हैं उनसे पूछना चाहता हूं कि राममनोहर लोहिया जी के समर्थन से 10 वर्ष तक सरकार रही है।

उन्हें कोई सम्मान ये दिला सके क्या ? भारतीय जनता पार्टी ने उन्हे जनसेवक के नाते सम्मान दिया है। इस पर अनर्गल बयानबाजी करने वालों को भगवान सद्बुद्धि दे। इस दौरान भाजपा की प्रदेश मंत्री व चुनाव की बुंदेलखंड प्रभारी प्रियंका रावत, शिक्षक नेता अशोक राठौर, राज्य मंत्री मनोहर लाल पंत समेत बाबूलाल तिवारी आदि मौजूद रहे।

धार्मिक मामलों में राजनीति न हो

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के धर्म परिवर्तन के गर्मा रहे मामले पर कहा कि बागेश्वर धाम पर चल रहा दिव्य दरबार स्वागत योग्य है, इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किस पर राजनीतिक नहीं धर्म के आचार्यों को बोलना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि मैं भी रामराजा सरकार का भक्त हूं। मां पीतांबरा देवी का भक्त हूं श्रीराम मंदिर निर्माण का सिपाही हूं लेकिन यह मेरा स्वयं का मामला है और भारत में प्रत्येक व्यक्ति को किसी भी धर्म विशेष को अपनाने की स्वतंत्रता है। दबाव बनाने की स्वतंत्रता नहीं है।

बीती ताहि बिसारि दे

वित्तविहीन शिक्षक गुट के प्रत्याशी अशोक राठौर के भाजपा में शामिल होने से एक दिन पहले के वीडियो पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह बीती बात है। यह सब चुनाव में चलता रहता है तो वही अशोक राठौर ने कहा कि आज वह और उनके सहयोगी पूरी तरह से बाबूलाल तिवारी के साथ है।

दरअसल, भाजपा में शामिल होने से एक दिन पूर्व अशोक राठौर का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने कहा था कि उन पर दबाव बनाया जा रहा है और उनके लोगों को परेशान किया जा रहा है।

अखिलेश यादव के हाथ में लड्डू की जगह है अंगारे

उपमुख्यमंत्री ने बेवजह बयानबाजी करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्या को अंगारे की उपाधि दे डाली। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव समझते हैं कि उनके दोनों हाथों में लड्डू है लेकिन उनके हाथ में लड्डू है या अंगार यह तो उन्हें समय आने पर पता चल जाएगा।

Share this story