समर सिंह की रिमांड के 36 घंटे:हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा; मुंबई की दोस्त को नोटिस, भोजपुरी इंडस्ट्री के 5 डायरेक्ट-प्रोड्यूसर से होगी पूछताछ

समर सिंह की रिमांड के 36 घंटे

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

वाराणसी । भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सुसाइड केस की गुत्थी सुलझाने में पुलिस और क्राइम ब्रांच की 36 घंटे से समर सिंह से पूछताछ में जुटी है। अब तक आकांक्षा से रिश्ते, फिल्मों के फाइनेंसर, खातों का डिटेल, संपत्तियों का डिटेल और कमाई की जानकारी भी पुलिस को मिली है। आकांक्षा को दिए गिफ्ट, फिल्मों की फीस भी पुलिस को बताई गई है। पुलिस के आकांक्षा को लेकर सवाल दर सवाल में समर सिंह टूटता नजर आया, वह बार-बार हाथ जोड़कर रहम करने की गुहार लगा रहा है। हालांकि इसके बावजूद आकांक्षा की मौत की असल वजह राज ही है।

मुंबई में रहने वाली अनुराधा को भेजा नोटिस
सारनाथ पुलिस अब समर सिंह की संपत्तियों और करीबियों पर शिकंजा कसेगी। इसके लिए क्राइम ब्रांच कई बिंदुओं पर होमवर्क कर रही है। समर सिंह से पूछताछ के बाद अब आकांक्षा और समर के कॉमन फ्रेंड की सूची तैयार की गई है। इसमें सबसे पहले आकांक्षा की सहेली अनुराधा सिंह को पुलिस ने सारनाथ थाने में तलब किया है।

मुंबई में रहने वाली अनुराधा को अगले 48 घंटे में वाराणसी आने का नोटिस भेजा गया है और उससे पुलिस पूछताछ में सहयोग की बात भी कही गई। इसके अलावा भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े पांच अन्य लोगों को भी पुलिस बुलाएगी। इसमें डायरेक्टर-प्रोड्यूसर सहित आकांक्षा के सहकर्मी भी शामिल हैं।

अनुराधा की भूमिका पर मधु दुबे ने भी उठाए सवाल
आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने अपनी बेटी की मौत में अब समर और संजय के बाद उसकी सहेली अनुराधा सिंह की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनके वकील शशांक शेखर त्रिपाठी ने कोर्ट के जरिए पुलिस को केस से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की अपील की। इसके बाद प्रार्थना पत्र पर थाना सारनाथ पुलिस ने अनुराधा सिंह को मुंबई से तलब किया है। उन्हें बनारस में अपना बयान दर्ज कराने की अपील की गई, ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

आकांक्षा की मां ने अनुराधा सिंह पर आरोप लगाया है कि अनुराधा सिंह ने जल्दबाजी करके शव जलवा दिया। दाह संस्कार के समय उनका मोबाइल भी अपने पास रख लिया था, जो भी रिश्तेदार नातेदार फोन कर रहे थे. उनका फोन काट दे रही थी। मधु दुबे के मोबाइल का पूरा डेटा भी डिलीट कर दिया था।

पहले आजमगढ़ फिर मुंबई ले जाएगी पुलिस
रिमांड बढ़ाकर मुंबई ले जाएगी पुलिस 13 से 17 अप्रैल तक पुलिस को समर सिंह की रिमांड मिली है। पांच दिन की रिमांड में पुलिस वाराणसी और आजमगढ़ में ले जाकर पड़ताल करेगी। वहीं, पुलिस रिमांड का समय बढ़ाने के साथ समर सिंह को लखनऊ और मुंबई ले जाने की तैयारी में है।

लखनऊ में फोरेंसिक लैब में समर सिंह के फोन की जांच हो रही है। मुंबई के गोरेगांव ऑफिस में समर के सारे वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात हैं। इसमें आकांक्षा के साथ हुए लेनदेन के भी सारे रिकॉर्ड है।

रोता और गिड़गिड़ाता रहा समर
आकांक्षा केस में मुख्य आरोपी गायक समर सिंह पर रिमांड में अब तक टीम ने करीब 50 सवाल दागे हैं। इस दौरान समर सिंह रोता गिड़गिड़ाता रहा। उसने खुद को बेकसूर बताया। छोड़ देने की गुहार लगाई। हर सवाल के बाद वह यही कहता रहा कि, ''आकांक्षा को मैंने नहीं मारा। उसकी मौत के पीछे मेरा कोई हाथ नहीं है। फिलहाल कोई भी ठोस सबूत पुलिस के हाथ नहीं लगा है।

मौत का कारण अब तक पहेली
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत का कारण दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद अब तक पहेली बना हुआ है। मौत के दिन होटल से लेकर मालीक्यूबार तक सामने आ रहे वीडियो भी नई कहानी सुना रहे हैं। चंद घंटे पहले की इन तमाम वीडियो में आकांक्षा पूरी तरह से नार्मल और खुश नजर आ रही हैं।

इसके कुछ देर बाद सुसाइड से पहले वह इंस्टाग्राम पर लाइव थीं। इसमें वह फूट-फूटकर रोती नजर आईं। लेकिन, मौत की वजह अब तक अस्पष्ट है। सवाल उठ रहे हैं कि आकांक्षा किस दबाव में थी? ऐसा कदम क्यों उठाया? इन सवालों के जवाब 20 दिन बाद भी नहीं मिले हैं।

Share this story