मुख्यमंत्री ने शहीद एएसआई शंभु दयाल मीणा के परिवार को दी एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि
 

 मुख्यमंत्री ने शहीद एएसआई शंभु दयाल मीणा के परिवार को दी एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार सुबह मधु विहार में रहने वाले दिल्ली पुलिस में एएसआई स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय शंभु दयाल के पिता मातादीन मीणा, पत्नी संजना और उनके तीनों बच्चों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी।

इस दौरान परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और स्थानीय विधायक भावना गौर भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि बीते 4 जनवरी को दिल्ली पुलिस के एएसआई शंभु दयाल मीणा अपने थाने में थे। उसी वक्त एक महिला आई।

महिला ने शिकायत की कि किसी ने उनके पति का मोबाइल फोन छीन लिया है। एएसआई शंभु दयाल उस महिला के साथ घटना स्थल पर गए। मार्केट में उस महिला ने एक व्यक्ति की तरफ इशारा करते हुए दिखाया कि उस व्यक्ति ने उनके पति का मोबाइल छीना है। शंभु दयाल ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया। उस व्यक्ति के पास चाकू था।

उसने चाकू निकाल कर शंभु दयाल के ऊपर कातिलाना हमला किया। शंभु दयाल ने अपनी हिम्मत और साहस दिखाते हुए उस व्यक्ति को पुलिस बल के आने तक पकड़े रखा। उन्होंने बहुत ही बहादुरी और हिम्मत का परिचय दिया, लेकिन इस घटना में शंभु दयाल की जान चली गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा जैसे पुलिसकर्मियों पर बहुत गर्व है। आज के जमाने में ऐसे पुलिस वाले बहुत कम मिलते हैं, जो अपनी जान दांव पर लगा कर समाज की सेवा करें। ऐसे बहुत कम लोग हैं। दिल्ली समेत पूरे देश को उनके ऊपर गर्व है। ऐसे लोगों की जान की कीमत नहीं लगाई जा सकती।

वह स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के पूरे परिवार से मिले। उनके परिवार में उनकी पत्नी, उनके पिता और बेटा दीपक और दो बेटियों से मुलाकात की। हमने स्वर्गीय शंभु दयाल के परिवार को दिल्ली सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी है। मैं समझता हूं कि इससे उनके परिवार को थोड़ा सा सहारा मिलेगा। उनके परिवार को भविष्य में भी किसी तरह की जरूरत पड़ेगी, तो हम उनके साथ खड़े हैं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा जी की आत्मा को शांति दे।

एएसआई स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के बारे में

स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा मूल रूप से राजस्थान के सीकर के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम मातादीन मीणा है। उनकी उम्र 57 वर्ष थी। वह वर्ष 1993 में पुलिस सेवा में शामिल हुए थे और वर्तमान में वो दिल्ली पुलिस में बतौर सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) कार्यरत थे और उनकी तैनाती मायापुरी थाने में थी। गत 04 जनवरी 2023 को एक महिला मायापुरी थाने आई और उसने शिकायत की कि एक व्यक्ति ने उसके पति का मोबाइल फोन छीन लिया है और वो उन्हें धमकी दे रहा है।

चूंकि उस दिन थाने के बाकी पुलिसकर्मी अन्य पीसीआर कॉल पर व्यस्त थे। इसलिए एएसआई शंभु दयाल मीणा अकेले ही शिकायतकर्ता के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने चाकू निकाल लिया और उनके उपर कई बार हमला किया। खाली हाथ होने के बावजूद शंभु दयाल मीणा ने अत्यधिक साहस का परिचय देते हुए अपराधी को दबोच लिया और पुलिस थाने से पुलिस बल के पहुंचने तक अपराधी को भागने नहीं दिया।

गंभीर रूप से घायल एएसआई शंभु दयाल मीणा को इलाज के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया और बाद में बीएल कपूर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। डॉक्टरों ने अपने स्तर पर उन्हें बचाने के पूरे प्रयास किए। डॉक्टरों के सारे प्रयासों के बावजूद 8 जनवरी 2023 को शंभु दयाल मीणा का निधन हो गया।

स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के परिवार में उनकी पत्नी संजना और तीन बच्चे गायत्री (25), दीपक (23) और प्रियंका (21) हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल ने बतौर सम्मान राशि स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा की पत्नी श्रीमती संजना को 60 लाख रुपए और उनके पिता मातादीन मीणा को 40 लाख (कुल एक करोड़ रुपए) का चेक सौंपा।

Share this story