रांची: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में छापेमारी, आपत्तिजनक सामान नहीं मिले

 रांची: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में छापेमारी, आपत्तिजनक सामान नहीं मिले

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

रांची । राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में बुधवार तड़के सदर एसडीओ दीपक दुबे के नेतृत्व में छापेमारी की गयी। छापेमारी के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने जेल के अंदर प्रत्येक सेल की गहन तलाशी ली। मौके से कोई भी आपत्तिजनक सामान पुलिस के हाथ नहीं लगे।

छापेमारी के कारण जेल में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। छापेमारी में सिटी एसपी शुभ्रांशु जैन, कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सिटी डीएसपी रांची दीपक कुमार , सदर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार,साइबर डीएसपी यशोधरा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

राज्य में ईडी और आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद कई लोगों पर शिकंजा कसा जा रहा है। मनी लॉन्ड्रिंग केस के कई प्रमुख आरोपित भी इसी जेल में बंद हैं। मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, प्रेम प्रकाश उर्फ पीपी और बच्चू यादव इस समय इसी जेल में बंद हैं।

जेल में छापेमारी के पीछे सबसे बड़ी वजह है मोबाइल फोन है। हालांकि पहली बार बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में छापेमारी नहीं हुई है। इससे पहले भी दिसंबर 2022 में छापेमारी हुई थी। रांची के साथ धनबाद और हजारीबाग स्थित जेलों में बंद गैंगस्टर्स द्वारा मोबाइल-सेलफोन के जरिए गिरोह ऑपरेट करने की खबर आयी थी। इसके बाद छापेमारी की गयी थी।
 

Share this story