राजनाथ सिंह ने किया त्रिपुरा चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान

 राजनाथ सिंह ने किया त्रिपुरा चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

उनाकोटी । भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को उनाकोटी जिला के कैलाशहर स्थित आश्रम स्कूल मठ के खेल मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में उन्होंने माता त्रिपुर सुन्दरी की इस पावन धरती को प्रणाम करते हुए कहा कि मैं त्रिपुरा प्रदेश की जनता का अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने यहां बहुत से उतार-चढ़ाव देखे है, मगर इस प्रदेश की माटी से उनका हमेशा अटूट रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि मैंने वह त्रिपुरा भी देखा है, जब कनेक्टिविटी के अभाव में बुनियादी चीजों की कमी का सामना करता था।

मैंने वह त्रिपुरा भी देखा है, जब यहां के कई गांवों में बिजली नहीं थी। गांवों की छोड़िए, राजधानी अगरतला में भी बिजली की सप्लाई पूरी नहीं थी। आज हालात बदल गए हैं और हर गांव में बिजली पहुंच गई है।

सिंह ने कहा कि वर्ष 2018 में जनता ने बदलाव का फैसला लेकर भाजपा को पिछले विधानसभा चुनावों में रिकार्ड तोड़ बहुमत दिया। आजादी के बाद लंबे समय तक त्रिपुरा में सुराज नहीं आया। साल 2018 में प्रदेश में ऐसा अभूतपूर्व परिवर्तन आया कि राज बदलने के साथ-साथ सुराज का भी आगमन हो गया।

उन्होंने कहा कि गरीबों, मजदूरों और कामगारों की बात करने वाली सीपीएम ने केवल उनका शोषण किया है। हमारी भाजपा की सरकार ने यहां विकास किया है। आज यहां इतनी बिजली पैदा हो रही है कि त्रिपुरा के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों और पड़ोसी देश बांग्लादेश को भी बिजली दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिजली की तरह पानी की भी आपूर्ति सुचारू रूप से करने के लिए अटल जीवनधारा मिशन पर काम बहुत तेज गति से हुआ है। करीब 4 लाख परिवारों को पाइप्ड वॉटर की सुविधा यहां मिली है। आज त्रिपुरा प्रदेश को ‘हीरा’ मिल गया है। हीरा यानि हाइवेज, इंटरनेटवेज, रेलवेज और एयरवेज।

आज त्रिपुरा में रेल कनेक्टिविटी हो गई है। एक इंटरनेशनल हाईवे के निर्माण पर काम प्रारंभ हो चुका है, जो अगरतला को रंगून और बैंकाक से सड़क मार्ग से कनेक्ट कर देगा। यानि आपका-हमारा त्रिपुरा इंटरनेशनल ट्रेड का एक बड़ा गेटवे बनने की तरफ बढ़ चला है।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में बहुत बड़ी संख्या आदिवासी समाज की है। यह आदिवासी समुदाय आजादी के बाद बरसों तक उपेक्षा का शिकार रहा। जब अटलजी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने जहां पूर्वोत्तर के विकास के लिए अलग विभाग बनाया। साल 2014 तक ट्राइबल वेलफेयर के लिए 21 हजार करोड़ का बजट था, जो आज बढ़कर लगभग 88 हजार करोड़ रुपये हो गया है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार ने 1.2 लाख वनवासियों को भूमि पट्टा देने का काम किया है। आज आदिवासी समाज को वनोपज का बेहतर मूल्य देने के लिए 90 वनोपज पर एमएसपी घोषित किया गया है। पहले केवल 8-10 ऐसी वन सामग्री पर ही एमएसपी था। आज भारत के जनजातीय इलाकों में 50000 वन धन केन्द्र खोले गए है जिनके माध्यम से 9 लाख रोजगार के अवसर आदिवासी समाज को प्राप्त हुए हैं और इनमें बड़ी संख्या हमारी बहनों और बेटियों की है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के आदिवासी समाज के योगदान को आज सम्मान दिया जा रहा है। आजादी के लिए जंगलों में संघर्ष करने वाले स्वातंत्र्य वीरों को याद किया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा जयंती की अब हम जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे देश में मना रहे है।

60 सदस्यीय विधानसभा क्षेत्रों में मतदान 16 फरवरी को होगा और मतगणना 2 मार्च को की जाएगी। कुल मिलाकर 28,13,478 मतदाता आगामी चुनाव में अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करेंगे। अंतिम मतदाता सूची में रिकॉर्ड 65,044 नए मतदाताओं को शामिल किया गया है।

Share this story