विकास पर है हमारा पूरा ध्यान: मुख्यमंत्री
 

विकास पर है हमारा पूरा ध्यान: मुख्यमंत्री

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाधान यात्रा के क्रम में मुजफ्फरपुर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति के संबंध में मंगलवार को समीक्षा बैठक की। इसके बाद सीएम ने पत्रकारों से बातचीत की।

मुजफ्फरपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के काम में प्रोग्रेस के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कामों को करने के लिए ही हमलोग घूम रहे हैं। मुजफ्फरपुर का काफी महत्व है। यहां की आबादी बहुत ज्यादा है। यहां पर काम तेजी से हो सके, उसी को लेकर हमलोग घूम रहे हैं। जदयू नेता गुलाम रसूल बलियावी के सेना पर दिये बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कौन क्या बोलते हैं, उस पर हम ध्यान नहीं देते हैं। अभी पूरा ध्यान हमारा क्षेत्रों पर है। विभिन्न जगहों पर जाकर हम विकास योजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। एक-एक चीजों का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को निर्देश देते हैं।

सीएम ने बातचीत में कहा कि समाधान यात्रा समाप्त होने के कुछ दिनों के बाद हम अधिकारियों से पूछेंगे कि दिये गये निर्देशों पर आगे क्या काम हुआ है। अगर हमलोगों को कोई नई नीति बनानी होगी तो वो भी बनाई जायेगी। इन्हीं सब बातों की जानकारी के लिए हमलोग घूम रहे हैं। अभी हमसे राजनीतिक बातें मत पूछिए। कुछ लोगों की कुछ-कुछ बोलने की आदत है। हम उनसे पूछेंगे कि आपने क्या बोला है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई बातचीत के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में नये गवर्नर आ रहे हैं। इसकी सूचना देने की पुरानी परंपरा रही है। इसको लेकर केंद्र सरकार राज्य सरकार से बातचीत करती है। इसी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री ने मुझे जानकारी दी थी कि नये गवर्नर बिहार जा रहे हैं। हमने उनसे कहा था कि ठीक ही है। जिसे केंद्र सरकार चाहती है वो यहां आयें, यह ठीक ही है।

देश की यात्रा पर निकलने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 फरवरी तक समाधान यात्रा है। उसके बाद बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरु हो रहा है। अभी कहीं जाने का ऐसा कोई प्लान नहीं है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के क्लीन स्वीप करने के अमित शाह के दावे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लोग खुशी मनाएं। हमलोग काम करने वाले आदमी हैं। हमलोग जनता की सेवा कर रहे हैं। अभी हमलोग कोई राजनीतिक बात नहीं कर रहे हैं।

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसको लेकर हमलोग काफी पहले से मांग करते रहे हैं। पटना से लेकर दिल्ली तक हमलोग इसकी मांग करते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चतर शिक्षा के लिए महिलाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना का लाभ तेजी से दिलाएं, कोई भी छूटे नहीं।

समाधान यात्रा में पब्लिक के मिल रहे रिस्पांस के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग लगातार यात्रा कर रहे हैं। हम मुजफ्फरपुर हमेशा आते रहे हैं। इस बार की यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर हमलोग विकास योजनाओं का जायजा ले रहे हैं। लोगों की बातों को सुन रहे हैं। उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश कर रहे हैं। इसी उद्देश्य को लेकर हमलोग घूम रहे हैं। मुजफ्फरपुर में कराये जा रहे अच्छे कामों का हमने निरीक्षण किया है। महिलाएं काफी उत्साहित हैं। जहां कहीं भी हमलोग जाते हैं वहां सबसे ज्यादा तादाद में महिलाएं उपस्थित रहती हैं।

इससे पहले समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि अनुसूचित जाति के लिए बचे हुए आवासीय विद्यालयों का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें। स्वयं सहायता समूहों की संख्या और बढ़ाएं और उनके लिए रोजगार के अवसर और बढ़ाएं। जिन पथों की नालों के गुजरने के कारण स्थिति खराब हो रही है, उसे ठीक कराएं। जल निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त करें। सड़कों का मेंटेनेंस भी ठीक रखें। शहरों की यातायात व्यवस्था को ठीक रखने के लिए जनप्रतिनिधियों ने जो सुझाव दिए हैं उस पर अमल करें। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में जिनके नाम छूट गये हैं, उन्हें मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत लाभ दिलाएं।

Share this story