मध्य प्रदेश में रंगों के पर्व होली की धूम, सुबह से हुर्रियारों की टोलियां निकलीं

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
भोपाल। मध्य प्रदेश में बूधवार सुबह से ही रंग उड़ातीं, पिचकारी से रंग डालतीं और गुलाल लगाती अनेक हुरियारों की टोलियां जगह-जगह नजर आ रही हैं। प्रदेश में रंगों के पर्व होली की धूम मची हुई है। राजधानी भोपाल समेत जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, रीवा, सागर समेत अपने-अपने क्षेत्रों में परम्पराओं के हिसाब से यहां लोग आज होली मनाते दिख रहे हैं।
राज्यपाल मंगू भाई पटेल और सीएम शिवराज सिंह सीएम निवास के लोगों के साथ होली मना रहे हैं, साथ ही वे जनता के बीच भी होली मनाने निकलेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से कहा है कि खुशियों का गुलाल उड़े,स्नेह की वर्षा हो।
हर हृदय में सद्भाव का भाव गुंजित हो। सौहार्द्र के आकाश में बांसुरी की मीठी धुन हो। रंगों को भी प्रेम के रंग में रंग दें, ऐसी होली हो।आपको होली की हार्दिक बधाई। यह पर्व आपके जीवन में सुख,समृद्धि, आनंद के नए रंग घोले, यही कामना करता हूं।
उल्लेखनीय है कि एक तरफ देश भर में सोमवार से कई क्षेत्र होली के रंगों में डूब गए थे तो वहीं मध्य प्रदेश में मंगलवार रात होलिका दहन करने के बाद ही इस पर्व का आरंभ हुआ है। बुधवार को पूरे राज्य में उल्लास के साथ होली का त्योहार मनाया जा रहा है।
जहां देखो वहां सड़कों पर हुरियारों की मस्ती नजर आ रही है। बच्चे भी पिचकारियों से एक दूसरे पर रंग बरसाते खासकर छतों से राहगीरों पर रंग डाल रहे हैं। ढोल-नगाड़े, डीजे की धुन पर शहर की कालोनियों में जगह-जगह सामूहिक रूप से होली मनाई जा रही है।
इसके साथ ही होली पर्व पर विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह समेत अन्य प्रमुख लोगों ने प्रदेशवासियों को अपने-अपने तरीके से बधाई दी है।