Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
फरीदाबाद । स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने स्वास्थ्य विभाग के ठेका कर्मचारियों की मांगों तथा कौशल रोजगार निगम के नियमों में तुरंत प्रभाव से दुरूस्तीकरण करते हुए अन्य उचित मांगों के समाधान करने के लिए शनिवार को बड़खल की विधायक सीमा त्रिखा के आवास पर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विधायक के प्रतिनिधि हरेंद्र सिंह को ज्ञापन भी सौंपा।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हनुमान मंदिर के नजदीक एकत्रित हुए। स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान सोनू सोया, बादशाह खान अस्पताल के प्रधान रिंकू मांडोठिया तथा सचिव किरण सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए यह कर्मचारी, विधायक के आवास पर पहुंचे।
इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, जिला प्रधान करतार सिंह, वरिष्ठ उप प्रधान बलबीर सिंह बालगोहेर व जिला सचिव युद्धवीर सिंह खत्री, बड़खल ब्लाक के प्रधान अनूप वाल्मीकि, मुकेश बेनीवाल, गिरीश राजपूत आदि नेता उपस्थित रहे।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, जिला प्रधान करतार सिंह जिला, सचिव युद्धवीर सिंह खत्री तथा जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलबीर सिंह बालवीर ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से अपील की है कि स्वास्थ्य विभाग के ठेका कर्मचारियों की न्याय उचित मांगों का सरकार तुरंत प्रभाव से समाधान करे, अन्यथा सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
Share this story