कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को हटाए जाने के खिलाफ निगम मुख्यालय पर धरना पर बैठे भाजपा पार्षद
 

कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को हटाए जाने के खिलाफ निगम मुख्यालय पर धरना पर बैठे भाजपा पार्षद

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

नई दिल्ली । कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को हटाए जाने के खिलाफ दिल्ली नगर निगम मुख्यालय पर सोमवार को भाजपा पार्षद धरने पर बैठे। हाथों में पोस्टर लिए भाजपा पार्षदों ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजपा पार्षदों का आरोप है कि दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही निगम के हजारों कॉन्ट्रैक्ट बेस्ड कर्मचारियों का कांट्रैक्ट खत्म कर दिया गया है। हालांकि मेयर शैली ओबरॉय की तरफ से यह पहले साफ कर दिया जा चुका है कि कॉन्ट्रैक्ट बेस्ड कर्मचारियों की सेवा का विस्तार किया जाएगा और उनका कॉन्ट्रैक्ट आगे बढ़ाया जाएगा, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है।

वहीं प्रदर्शन में शामिल भाजपा पार्षद शिखा राय ने कहा कि, दिल्ली नगर निगम में वर्षों से सैकड़ों कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे हैं, जिन्हें ‘आप’ पार्टी की सरकार ने एक झटके में हटा दिया है। इनकी सेवा 31 मार्च को समाप्त कर दी गई और इनके कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाया गया है। इनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर, माली, डीबीसी कर्मचारी सहित अन्य विभागों में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारी शामिल हैं।

राय ने कहा कि, एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी देशभर में जाकर दिल्ली के लाखों लोगों को रोजगार देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ निगम में सरकार बनते ही एक झटके में हजारों लोगों को बेरोजगार कर दिया गया।
 

Share this story