रायसेनः गंगासागर से गाडरवारा लौट रही तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी, 15 से ज्यादा घायल

 रायसेनः गंगासागर से गाडरवारा लौट रही तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी, 15 से ज्यादा घायल

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

रायसेन। जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया घाटी पर गुरुवार सुबह तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कुछ तीर्थयात्री घायल हो गए। घायलों की संख्या 15-16 बताई जा रही है। यह बस गंगासागर से गाडरवारा लौट रही थी।

मौके पर विधायक रामपाल सिंह राजपूत के सचिव भोले शंकर पाराशर ने पहुंचकर तत्काल पुलिस प्रशासन एवं अन्य लोगों को सूचना दी। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हुआ। तीर्थाटन से लौट रही आरएस तोमर ट्रैवल्स की बस जमुनिया घाटी के पास अचानक पलट गई। एक सप्ताह पहले यह तीर्थयात्री गंगासागर गए थे। वहां से वापस आते हुए हादसा हुआ है। करीब 15-16 लोग घायल हुए हैं।

इस दौरान पुलिस व प्रशासन के अधिकारी गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में व्यस्त थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी भारत सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के बयान दर्ज किए हैं। बताया जा रहा है कि सुबह कोहरा था, सामने से मोड़ पर वाहन दिखाई नहीं देने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
 

Share this story