प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की हालत में हो रहा सुधार, तरल भोजन किया ग्रहण

oj

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

अहमदाबाद। सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हुईं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की सेहत में सुधार हो रहा है। परिवार की ओर से यह जानकारी दी गई है। नरेंद्र मोदी के बड़े भाई सोमाभाई मोदी ने गुरुवार को कहा कि मां की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उन्होंने सुबह तरल भोजन किया।

हीराबेन को बुधवार को यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया था। मां की बीमारी की खबर मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने मां से मुलाकात की थी और डॉक्टरों ने उनके सेहत के बारे में जानकारी ली थी।  

MRI और सीटी स्कैन के बाद डॉक्टर लेंगे अस्पताल से छुट्टी देने का फैसला

सोमाभाई मोदी ने गुरुवार को कहा कि मां की स्थिति धीरे-धीरे ठीक हो रही है। वह आज बहुत अच्छा महसूस कर रहीं हैं। वह अपना हाथ-पैर हिला डुला रहीं हैं। उन्होंने हमें इशारा कर बैठाने के लिए कहा।

उन्होंने अस्पताल द्वारा दिया गया तरल भोजन ग्रहण किया है। आज उनका MRI और सिटी स्कैन कराया जाएगा। इसके बाद डॉक्टर उन्हें अस्पताल से घर भेजने के बारे में फैसला करेंगे।

हॉस्पिटल ने बुधवार को कहा था कि प्रधानमंत्री की मां की हालत स्थिर है। पीएम मोदी बुधवार दोपहर को दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल जाकर मां से मुलाकात की। वह एक घंटे से अधिक समय तक अस्पताल में रहे।

उन्होंने डॉक्टरों से भी बात की थी। बता दें कि हीराबेन पीएम मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी के साथ गांधीनगर शहर के पास रायसन गांव में रहती हैं। प्रधानमंत्री नियमित रूप से रायसन जाते हैं और अपनी मां से मिलते हैं।

Share this story