नेताजी की देशभक्ति, राष्ट्रवाद और आदर्शों ने हमें प्रेरित किया: मुख्यमंत्री डॉ. सरमा

नेताजी की देशभक्ति, राष्ट्रवाद और आदर्शों ने हमें प्रेरित किया: मुख्यमंत्री डॉ. सरमा

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

गुवाहाटी। राजधानी गुवाहाटी समेत पूरे राज्य में सोमवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुवाहाटी के पलटन बाजार स्थित नेताजी चौक पर अखिल असम नेताजी सुभाष चंद्र बोस जन्मदिन समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 127वीं जयंती समारोह में भाग लिया।

इस मौके पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी की देशभक्ति, राष्ट्रवाद और राष्ट्र के आदर्शों ने हमें हमेशा अपने अस्तित्व का हर पल राष्ट्र निर्माण प्रक्रिया को समर्पित करने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि मैं आज इस विशेष दिन पर भारत माता के महान सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित कर धन्य हूं।

इस अवसर पर असम सरकार के मंत्री पीयूष हजारिका, अशोक सिंघल, विधायक सिद्धार्थ भट्टाचार्य, पूर्व सांसद रमेन डेका, गुवाहाटी नगर निगम के मेयर मृगेन शरणिया, कार्बी आंगलोंग स्वायत्तशासी परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलीराम रोंगहांग और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

वहीं निचले असम के धुबड़ी में भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई। नेताजी जयंती समारोह केंद्रीय समिति ने धुबड़ी पंचामोर में नेताजी की जयंती मनायी। सोमवार सुबह 8 बजे नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और 8.30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस मौके पर पेंटिंग प्रतियोगिताएं, देशभक्ति संगीत प्रतियोगिताएं और जनसभाओं के बाद शाम छह बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा चिरांग जिला के बसुगांव कस्बे के नेताजी पार्क में आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई। सुबह नेताजी पार्क प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुभाष लोधरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और बसुगांव के महापौर साधन मंडल ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

Share this story