बिजली बिल में गड़बड़ी के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी लोजपा : सुरेन्द्र विवेक

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ
बेगूसराय । लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रीपेड मीटर के बिलिंग हो रही गड़बड़ी के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा। आंदोलन की पहली कड़ी में एक्सक्यूटिव इंजीनियर को आवेदन देकर बिजली बिल में हो रही गड़बड़ी रोकने का अनुरोध किया जाएगा। इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी के कार्यकर्ता तमाम जगहों पर संघर्ष करेंगे। यह जानकारी बुधवार को जिला मुख्यालय के जेम्स होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
पार्टी के बिहार अभियान चुनाव प्रमुख सुरेन्द्र विवेक ने कहा कि नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा मनमाना बिल भेजने एवं जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाने से बिहार की जनता कंपनी के प्रति असंतोष है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनता के संबंध में नहीं सोचते हैं। समाधान यात्रा निकालने से नहीं होगा, सभी योजनाओं में गड़बड़ी हो रही है, जिसमें सबसे ज्यादा बिजली विभाग में घोटाला हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीतिक परिस्थिति मुश्किल दौर में है। सत्ता की इस लड़ाई में बिहार बर्बाद हो रहा है। बिहार को बर्बादी से बचाने के लिए चिराग पासवान संघर्ष कर रहे हैं। यूं तो सब विभाग में गड़बड़ी है, लेकिन ताजा सबसे बड़ी गड़बड़ी बिजली विभाग में सामने आ रहा है।
एक बल्ब जलाने पर प्रत्येक महीना पर 12 से 25 सौ रुपये तक का बिल आ रहा है। नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी उपभोक्ताओं को लूट कर सत्ता को कमीशन पहुंचा रही है। विद्युत उपभोक्ताओं की लड़ाई लोजपा लड़ती रहेगी, इसके लिए रणनीति तैयार कर ली गई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष राम विनोद पासवान ने कहा कि बिजली विभाग में स्मार्ट मीटर कि जब जांच होगी तो सरकार का सबसे बड़ा घोटाला नजर आएगा। पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष इंदिरा देवी ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से बिजली बिल अधिक आता है।
जिसमें जनता परेशान है, आम जनमानस को ध्यान में रखते हुए कंपनी की नीति में सुधार किया जाए। प्रदेश सचिव मनोज पोद्दार ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से पूरे बिहार में आम जनमानस परेशान हैं। बिजली विभाग मनमानी बिल एवं जबरदस्ती स्मार्ट मीटर जनता को लगा रही है।
जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान ने कहा कि बिहार सरकार बिजली विभाग का निजी करण कर कंपनी को लाभ पहुंचा रही है। इस कंपनी को लाभ पहुंचाने वाले नियमावली को सुधारा किया जाए।
सरकार अगर जनता का हित चाहती है तो पहले वाला मैनुअल मीटर लगाया जाए, जिससे गरीब तबका के लोग भी बिजली का सुख प्राप्त कर सकें। युवा लोजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि स्मार्ट मीटर का रीडिंग अधिक चलता है। इस भीषण गड़बड़ी में सुधार होना चाहिए।