नेता प्रतिपक्ष के दुराचार आरोपित बेटे के बचाव में पूरी भाजपा : मोहन मरकाम

 नेता प्रतिपक्ष के दुराचार आरोपित बेटे के बचाव में पूरी भाजपा : मोहन मरकाम

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ 

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने राजीव भवन में बुधवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा बताये आदिवासी बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोपित और नेता प्रतिपक्ष के बेटे को कहां छिपाकर रखा गया है? भाजपा आखिर बलात्कारियों को कब तक संरक्षण देते रहेगी? पूरा प्रदेश भाजपा के इस बलात्कारी प्रेम को देख रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपित को खोजने लगातार दबिश दे रही है। नेता प्रतिपक्ष खुद भी अज्ञात वास में हैं। सवाल यह उठता है कि पुत्र मोह में नेता प्रतिपक्ष अपने बेटे को किसी भाजपा शासित राज्य छुपा कर तो नहीं रखे हैं? कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि भाजपा नेता प्रतिपक्ष से इस्तीफा ले, वे इस्तीफा नहीं देते हैं तो उनको बर्खास्त किया जाये तथा उनके बलात्कार के आरोपित बेटे को आत्मसमर्पण करवाये।

उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली से लेकर छत्तीसगढ़ तक बलात्कारियों और दुराचारियों के समर्थन में खड़ी नजर आ रही है। दिल्ली में देश की नामचीन महिला पहलवान एक दुराचारी के खिलाफ आंदोलनरत है जो भाजपा का सांसद भी है। भाजपा के सांसद कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ पांच-छः महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण के आरोप लगे हैं। महिला पहलवान रो-रोकर न्याय की गुहार लगा रही है। कमेटी बनाकर इसमें भी लीपापोती की जा रही है।

भाजपा आदतन अपराधियों को बचाने वाली संगठन है। भाजपा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सिर्फ दिखावटी नारा है, असल में भाजपा बेटी बचाने और महिला सशक्तिकरण के नाम से की पोस्टरबाजी बयानबाजी और राजनीति करती है। वास्तविक में बेटियों के साथ खड़े होने की बारी आती है तब भाजपा के नेता अपराधियों के साथ खड़े हुए दिखते हैं।

भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक में दुष्कर्म पीड़ित आदिवासी बेटी के साथ ही दुष्कर्म की घटना की निंदा भी नहीं किया गया और ना ही इस दुष्कर्म के लिए जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष के बेटे की गिरफ्तारी की मांग की गई और ना ही उन्हें नेता प्रतिपक्ष से हटाया गया। इससे समझ में आता है कि भारतीय जनता पार्टी वैचारिक दरिद्रता साथ गुजर रही है।
 

Share this story