जिम्बाब्वे से हारा पाकिस्तान:आखिरी 4 बॉल पर जीत के लिए 4 रन भी नहीं बना सकी टीम, 1 रन से मिली हार

जिम्बाब्वे से हारा पाकिस्तान:आखिरी 4 बॉल पर जीत के लिए 4 रन भी नहीं बना सकी टीम, 1 रन से मिली हार

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

पर्थ। पाकिस्तान की टीम टी-20 वर्ल्ड कप में बड़े उलटफेर का शिकार हो गई। गुरुवार को पर्थ में खेले गए मुकाबले में उसे जिम्बाब्वे ने 1 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 130 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 8 विकेट पर 129 रन ही बना सकी। इस हार के साथ पाकिस्तान सेमीफाइनल की होड़ से लगभग बाहर हो गया है।

पाकिस्तान वर्ल्ड कप 2022 के पहले मैच में भारत से 4 विकेट से हारा था। टी-20 विश्व कप 2022 में यह पांचवां उलटफेर है। इससे पहले वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और श्रीलंका की टीम उलटफेर का शिकार हो चुकी हैं।

 

आखिरी ओवर का रोमांच
20वें ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी। 6 विकेट गिर चुके थे और मोहम्मद नवाज-मोहम्मद वसीम क्रीज पर थे। गेंदबाजी करने ब्रैड इवांस आए। देखिए आखिरी 6 गेंद पर पाकिस्तान के साथ क्या खेल हो गया...

पहली गेंद
नवाज ने एक्स्ट्रा कवर पर ड्राइव लगाया और तीन रन हासिल किए। अब पाकिस्तान को 5 गेंद पर 8 रन की जरूरत थी।

दूसरी गेंद
मोहम्मद वसीम ने इस गेंद पर चौका जमा दिया। पाकिस्तान को अब 4 गेंदों पर 4 रन की जरूरत थी।

तीसरी गेंद
मोहम्मद वसीम ने 1 रन लिया। अब पाकिस्तान को 3 गेंद पर 3 रन की जरूरत थी।

चौथी गेंद
नवाज ने शॉट ऑफ लेंथ गेंद को कट करना चाहा लेकिन सफल नहीं हुए। डॉट बॉल। अब पाकिस्तान को 2 गेंद पर 3 रन की जरूरत थी।

पांचवीं गेंद
नवाज क्रेग इर्विन को मिड ऑफ पर कैच थमा बैठे। अब आखिरी गेंद पर तीन रन की जरूरत। टाई के लिए दो रन चाहिए थे।

छठी गेंद
शाहीन शाह अफरीदी ने 1 रन लिया। दूसरे रन की कोशिश में वे रन आउट हो गए। विकेटकीपर ने फंबल भी किया लेकिन समय रहते उन्होंने गिल्लियां बिखेर दी।

बाबर-रिजवान का फ्लॉप शो

  • पाकिस्तान के दोनों सलामी बल्लेबाज बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का बल्ला एक बार फिर नहीं चला। भारत के खिलाफ मैच में रिजवान ने 12 बॉल पर 4 रन बनाए थे। वहीं, जिम्बाब्वे के खिलाफ उनके बल्ले से 16 बॉल पर 14 रन निकले।
  • वहीं, बाबर आजम टीम इंडिया के सामने अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। अर्शदीप सिंह ने उन्हें गोल्डन डक पर LBW आउट कर दिया था। जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान के कप्तान 9 बॉल पर 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
  • पाकिस्तान को तीसरा झटका ल्यूक जोंगवे ने दिया। इफ्तिखार अहमद 10 बॉल पर 5 रन बनाने के बाद विकेटकीपर रेजिस चकाबवा को कैच दे बैठे।
  • सिकंदर रजा ने शादाब खान को 17 रन बनाने के बाद आउट किया। शादाब का कैच सीन विलियम्स ने लॉन्ग ऑफ पर पकड़ा।
  • अगली ही गेंद पर सिकंदर रजा ने पाकिस्तान को एक और झटका दिया, हैदर अली पहली ही गेंद पर LBW हो गए। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए।

रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमें कुल 17 टी-20 मुकाबलों में आमने-सामने हुईं। 16 में पाकिस्तान जीता। जिम्बाब्वे सिर्फ एक मैच जीत सका है। जिम्बाब्वे की यह इकलौती जीत 2021 में हरारे में हुई थी। तब उसने पाकिस्तान को 19 रन से हराया था।

पाकिस्तान और जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन
पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), शान मसूद, हैदर अली, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रउफ।
जिम्बाब्वे: वेस्ली मधेवेरे, क्रेग एर्विन (कप्तान), मिल्टन शुंबा, सीन विलियम्स, सिकंदर रजा, रेजिस चकाबवा (विकेटकीपर), ​​​​​रियान बर्ल, ल्यूक जोंगवे, ब्रैड इवांस, रिचर्ड नागरवा और ब्लेसिंग मुजरबानी।

यह भी पढ़ें : T20 World Cup: टीम इंडिया ने लगातार दूसरा मुकाबला जीता , नीदरलैंड को 56 रन से हराया

Share this story