22वें कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी : 11 दिनों तक दुनिया के 72 देशों के 5 हजार से ज्यादा एथलीट जलवा दिखाएंगे 

Opening Ceremony of 22nd Commonwealth Games: For 11 days, more than 5 thousand athletes from 72 countries of the world will show their glory

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

बर्मिंघम। इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर में शुक्रवार को 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित हुई। प्रिंस चार्ल्स ने महारानी एलिजाबेथ का संदेश पढ़ा और खेलों के शुरुआत की घोषणा की। इस रंगारंग कार्यक्रम में करीब 30 हजार दर्शकों की मौजूदगी रही। अब 11 दिनों तक दुनिया के 72 देशों के 5 हजार से ज्यादा एथलीट जलवा दिखाते नजर आएंगे।

खेलों के इस महाकुंभ में भारत के 213 खिलाड़ी 16 खेलों में शिरकत करेंगे। भारत 18वीं बार इस खेल में भाग ले रहा है। देश के खिलाड़ियों ने 1930, 1950, 1962 और 1986 में कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं लिया था।

ऑस्ट्रेलिया से परेड की शुरुआत, इंग्लैंड ने समापन किया
परेड में जैसे ही भारतीय दल को आवाज दी गई पूरा स्टेडियम शोर से गूंज उठा। दर्शकों ने भारतीय खिलाड़ियों को जोरदार तरीके से स्वागत किया। ओपनिंग सेरेमनी में बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु और हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह भारत के ध्वजवाहक रहे।

नीरज चोपड़ा के चोटिल होने के कारण पीवी सिंधु ध्वजवाहक बनीं। सिंधु दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट हैं। उन्होंने 2016 रियो ओलिंपिक में बैडमिंटन में सिल्वर और टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने परेड की शुरुआत की। वहीं, मेजबान इंग्लैंड की एंट्री के साथ सभी देशों की परेड खत्म हुईं। इंग्लैंड की टीम लाल और सफेद रंग के कपड़ों में नजर आई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'सभी देशवासियों की ओर से राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए मैं भारतीय दल को शुभकामनाएं देती हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित करेंगे। सभी देशवासी आपकी विजय की मंगल कामना करते हैं।'

ओपनिंग सेरेमनी में 10 मीटर लंबा बुल बनाया गया और इसकी मदद से बर्मिंघम ने सालों का अपना संघर्ष दिखाया। साथ ही यह भी दिखाया कि किस तरह इस शहर ने तमाम मुश्किलों को पार किया।

 

Share this story