प्रियंका बोलीं-बचपन से बस्तर के लोगों का संघर्ष सुना है:जगदलपुर में 'भरोसे का सम्मेलन' में कहा- भाजपा ने आपको निर्भर बनाया, आत्मनिर्भर नहीं

प्रियंका बोलीं-बचपन से बस्तर के लोगों का संघर्ष सुना है:जगदलपुर में 'भरोसे का सम्मेलन' में कहा- भाजपा ने आपको निर्भर बनाया, आत्मनिर्भर नहीं

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

जगदलपुर । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बस्तर पहुंचकर सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे सभा स्थल पर पहुंची। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मेरे परिवार का बस्तर से विशेष लगाव रहा है। मैं यहां पहली बार आई हूं, लेकिन मैं बचपन से बस्तर के बारे में, यहां के लोगों के संघर्ष के बारे में सुनती आई हूं।

प्रियंका ने अपने संबोधन की शुरुआत हल्बी में लोगों का अभिवादन करते हुई की। उन्होंने कहा कि आज बस्तर एक ब्रांड बन गया है। देश में ही नहीं विदेश में भी यहां के उत्पादों का उपयोग हो रहा है। मेरी दादी कहती थीं कि सबसे अच्छी संस्कृति आदिवासी होती है, क्योंकि आप लोग बिना प्रकृति का नुकसान किए जीवनयापन करते हैं।

प्रियंका गांधी के भाषण की बड़ी बातें..

  • बस्तर की महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही है। जब हम कमाती हैं तो हमारे में आत्मविश्वास आता है कि हम भी परिवार में कुछ कमाकर लाई हैं।
  • भारतीय जनता पार्टी की 15 साल की सरकार ने बस्तर के लोगों को सरकार पर निर्भर बनाया। कांग्रेस सरकार ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया
  • कांग्रेस की सरकार ने 65 वनोपज के लिए एमएसपी दे रही है। 5 लाख लोगों को वनअधिकार पट्टे दिए। धान की सबसे ज्यादा एमएसपी 2660 रुपए यहां मिल रही है।
  • जब भाजपा की सरकार थी तो सिर्फ शोषण था। गौमाता सड़कों पर घूमती थीं। सरकार आई तो खेतों को चरने वाली गौमाताओं के लिए गौठान बनाई। अब यह मॉडल पूरे विश्व में चर्चित है।
  • मैं यूपी में बताती हूं कि देखिए छत्तीसगढ़ में इसकी कितनी अच्छी योजना बनाई। भाजपा भ्रष्टाचार आपने 15 साल भुगता है।
  • आपके सामने दो मिसाल हैं एक पिछली सरकार की है, जिसने आपको सिर्फ लूटा है और दूसरी सरकार आपको सब दे रही है। अब आपको पहचानना है कि आपका भरोसा किस पर है।
  • बघेल जी कभी नकारात्मक बातें नहीं करते, जब भी यहां के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुझसे मिलते हैं, कभी भी किसी की चुगली, नकारात्मक बात नहीं करते।
  • लोगों के लिए कुछ करने, बेहतर करने का निश्चय जितना बघेल जी में देखती हूं, उतना किसी में नहीं दिखता।

जगदलपुर पहुंचने पर प्रियंका गांधी को गज माला और गुलाब भेंट करते हुए कांग्रेस नेता।

जगदलपुर पहुंचने पर प्रियंका गांधी को गज माला और गुलाब भेंट करते हुए कांग्रेस नेता।

नेताओं ने क्या कहा...

बस्तर क्षेत्र का गांधी नेहरू परिवार से गहरा लगाव रहा है। जब से यहां हमारी सरकार आई है यहां खूब तरक्की हो रही है। प्रियंका से मिलकर लोगों की खुशी सााफ झलक रही है। कुमारी सेलजा

पहले बस्तर में जहां नक्सलियों के गोलियों की गूंज सुनाई देती थी, आज वहां खुशी के गीत सुनाई देते हैं। नौजवानों को रोजगार मुहैया कराया जा रहा है। सीएम भूपेश बघेल

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रियंका गांधी ने साथ मिलकर 128 करोड़ 99 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण किया है। कुल 49 विकास कार्यों जिसमें 62 करोड़ 29 लाख 47 हजार के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण और 66 करोड़ 70 लाख से अधिक राशि के 34 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

प्रियंका के दौरे के सियासी मायने...

राजनीतिक जानकारों की मानें तो बस्तर के आदिवासियों के लिए प्रियंका गांधी केवल एक कांग्रेस नेता नहीं, बल्कि इंदिरा की पोती भी हैं। लिहाजा आदिवासियों का भावनात्मक लगाव भी प्रियंका गांधी से जुड़ा हुआ है। छत्तीसगढ़ में इस वक्त बस्तर लोकसभा समेत विधानसभा की सभी 12 सीटों में कांग्रेस के विधायक हैं। और पार्टी इस बात को बखूबी जानती है की सत्ता तक जाने की राह आदिवासी बाहुल्य बस्तर से होकर ही गुजरती है। गांधी परिवार से इंदिरा, राजीव, सोनिया और राहुल गांधी भी बस्तर आ चुके हैं।

Share this story