लोकसभा चुनाव-2024:कांग्रेस की 17वीं लिस्ट, आंध्र प्रदेश और झारखंड के 11 कैंडिडेट का ऐलान

लोकसभा चुनाव-2024

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

नई दिल्ली। कांग्रेस ने रविवार 21 अप्रैल को लोकसभा उम्मीदवारों की 17वीं लिस्ट जारी कर दी। इसमें आंध्र प्रदेश के 9 और झारखंड के 2 नाम हैं। इसमें झारखंड के गोड्डा से कैंडिडेट बदला गया है। अब प्रदीप यादव को टिकट दिया गया है। पहले दीपिका पांडे सिंह को उम्मीदवार बनाया गया था।

इससे पहले, तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर पर FIR दर्ज की गई। ये FIR भाजपा नेता जेआर पद्मकुमार ने कराई है। पद्मकुमार का आरोप है कि थरूर ने एक टीवी प्रोग्राम के दौरान तिरुवनंतपुरम से भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर पर अपमानजनक टिप्पणी की। पद्मकुमार का ये भी कहना है कि थरूर तटीय इलाकों के वोटरों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं, बिहार के कटिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- ​​​​​​ लालू यादव और इनके बेटे कांग्रेस की गोद में जाकर बैठे हैं। ये वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने पिछड़ा समाज को आरक्षण देने वाली काका कालेलकर की रिपोर्ट और मंडल कमीशन की रिपोर्ट का विरोध किया था।

शाह ने ये भी कहा कि PM मोदी ने देश से परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण को समाप्त किया है। उन्होंने हर वर्ग, हर व्यक्ति का विकास किया है। वर्षों से कांग्रेस पार्टी और इनके साथी लालू कहते थे, 'गरीबी हटाओ', लेकिन गरीबी नहीं हटी। मोदी ने मात्र 10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है।

Share this story