दिल्ली NCR में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार की रात धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश 

 दिल्ली NCR में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार की रात धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

नई दिल्ली। दिल्ली NCR में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार की रात धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। इस दौरान पेड़ गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। तेज आंधी से कई इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। तूफान के कारण अलग-अलग हादसों में कुल 23 लोग घायल हुए हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि खराब मौसम के कारण 9 फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट किया गया है। सड़कों पर पेड़ गिरने से दिल्ली और आसपास के इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ है। पुलिस ने बताया कि उन्हें पेड़ गिरने से जुड़े 152, इमारतों को नुकसान पहुंचने से जुड़े 55 और पावर कट से जुड़े 202 कॉल रिसीव हुए हैं।

आंधी और बारिश के बाद दिल्ली NCR में बढ़ते तापमान से लोगों को राहत मिली है। शनिवार सुबह से मौसम सुहाना बना हुआ है। कुछ जगहों पर रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी भी जारी है।मौसम विभाग ने अगले 2 दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

 

दिल्ली में तेज आंधी के बाद की तस्वीरें...

दिल्ली में तेज आंधी से रेनोवेशन के लिए बनाया गया एक स्ट्रक्चर गिर गया।

(दिल्ली में तेज आंधी से रेनोवेशन के लिए बनाया गया एक स्ट्रक्चर गिर गया।)

आंधी के बाद दिल्ली में बिजली चमकने के साथ कुछ देर बारिश हुई।

(आंधी के बाद दिल्ली में बिजली चमकने के साथ कुछ देर बारिश हुई।)

13 राज्यों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को देश के 13 राज्यों में बारिश, गरज और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलावा उत्तराखंड, तमिलनाडु, दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, कर्नाटक और केरल शामिल हैं।

7 राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार
देश के 7 राज्यों में गर्मी का असर भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, महाराष्ट्र, हरियाणा और तेलंगाना में तापमान 40 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान में आज हीटवेव की चेतावनी है।

मौसम विभाग ने बताया कि गुजरात में अगले 5 दिन तक उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहेगा। इधर, दिल्ली में आज धूलभरी आंधी और बिजली चमकेगी। यहां 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।

अगले 2 दिनों का मौसम का अनुमान

12 मई: 7 राज्यों में बारिश होगी, दिल्ली में तेज हवा चलेगी

  • महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, पुडुचेरी में तेज बारिश का अनुमान है।
  • हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
  • गुजरात में उमसभरी गर्मी का दौर जारी रहेगा।

13 मई: 6 राज्यों में बिजली गिरने का अनुमान, 3 राज्यों बारिश का अलर्ट

  • उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश में बिजली गिरने का अनुमान है।
  • हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में धूलभरी आंधी चलेगी। 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
  • केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में भारी बारिश होगी।

Share this story