UP में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन : 11 सीटों पर कांग्रेस लोकसभा चुनाव लड़ेगी

Akhilesh Yadav

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

 

लखनऊ।  UP में आखिरकार सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो गया। प्रदेश में 11 सीटों पर कांग्रेस लोकसभा चुनाव लड़ेगी। अखिलेश ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा- कांग्रेस के साथ 11 मजबूत सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है। ये सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा।

उन्होंने लिखा- इंडिया की टीम और PDA की रणनीति इतिहास बदल देगी। इससे पहले, सपा और रालोद में 7 सीट पर गठबंधन हुआ था। यानी, अब यूपी में इंडिया गठबंधन में सपा, कांग्रेस और रालोद के बीच सीटों पर सहमति बन गई है।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा- अखिलेश के ट्वीट पर केंद्रीय नेतृत्व को फैसला लेना है। फिलहाल, दोनों पार्टियों के बीच सकारात्मक और अच्छे माहौल में बातचीत चल रही है।

अखिलेश यादव का ट्वीट

अखिलेश यादव का ट्वीट

इससे पहले, 17 जनवरी को दिल्ली में कांग्रेस के साथ सपा महासचिव राम गोपाल यादव की बैठक हुई थी। बैठक में बाहर निकलकर राम गोपाल ने कहा था, 'हमने आधा रास्ता तय कर लिया है। बाकी आधा रास्ता भी जल्द तय कर लिया जाएगा।' राम गोपाल के इस बयान के बाद से यह संकेत मिल गए थे कि सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस और सपा में बात बन गई है।

60 सीटों पर सपा लड़ेगी चुनाव
इससे पहले, 19 जनवरी को अखिलेश यादव ने 7 सीट RLD को देने का ऐलान किया था। वहीं, 1-1 सीट अपना दल कमेरावादी और चंद्रशेखर की पार्टी की दे सकती है। ऐसे में माना जा रहा है कि बची हुई 60 सीटों पर सपा चुनाव लड़ेगी।

यह फोटो 26 जनवरी की है। अखिलेश कन्नौज में PDA की यात्रा में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण से खाट पर बैठकर चर्चा की थी।

यह फोटो 26 जनवरी की है। अखिलेश कन्नौज में PDA की यात्रा में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण से खाट पर बैठकर चर्चा की थी।

अमेठी, रायबरेली समेत 11 सीट कांग्रेस को मिल सकती हैं
कांग्रेस को प्रदेश की कौन-सी 11 सीट दी जाएगी। इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, वाराणसी, गोरखपुर, महाराजगंज, प्रयागराज, झांसी, कुशीनगर, गाजियाबाद , अमेठी, रायबरेली, लखनऊ और बांसगांव कांग्रेस को दी जा सकती है।

यूपी में पिछले 3 चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन

  • 2009- कांग्रेस 69 सीटों पर चुनाव लड़ी और 21 जीती। इस चुनाव में सपा 75 पर लड़कर 23 और बसपा 69 पर लड़ी और 20 सीटें जीतीं।
  • 2014- कांग्रेस 67 पर लड़कर सिर्फ दो सीट जीती। सपा 75 में 5 और बसपा 80 पर लड़ी और एक भी सीट नहीं जीत पाई।
  • 2019- सपा- बसपा का गठबंधन था। कांग्रेस 67 पर लड़ी और सिर्फ रायबरेली जीत पाई। सपा 37 पर लड़ी और 5 जीती। जबकि बसपा 38 पर लड़ी और 10 जीती। रामपुर और आजमगढ़ हारने के बाद सपा के अब सिर्फ तीन सांसद हैं।

शिवपाल बोले- भाजपा बेईमानी करके जीतती है चुनाव

वहीं, शनिवार को कन्नौज में शिवपाल यादव ने कहा- भाजपा के खिलाफ सभी दल एकजुट हो जाएं। I.N.D.I.A. गठबंधन तभी मजबूत होगा, जब दलों में एकजुटता नजर आएगी। क्योंकि भाजपा बेईमानी करके चुनाव जीतती है। वह जहां बेईमानी नहीं कर पाती, वहां चुनाव हार जाती है। नीतीश कुमार अनुभवी नेता हैं, INDIA गठबंधन में रहकर उन्हें इसे मजबूत करना चाहिए।

उन्होंने कहा- समाजवादी पार्टी INDIA गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। राम मंदिर पर कहा कि हमने तो पहले ही कहा था कि निमंत्रण मिलेगा तो भी जाएंगे दर्शन करने और नहीं मिलेगा तो भी जाएंगे। अब किसी दिन हम भी जाएंगे रामलला के दर्शन करने।

ग्राफिक से जानिए 2019 के लोकसभा चुनाव यूपी में किस पार्टी को कितनी सीटें मिली थीं..

 

Share this story