कर्नाटक में भाजपा की लिस्ट आने के बाद इस्तीफों की झड़ी:पूर्व डिप्टी सीएम और विधायक ने पार्टी छोड़ी, पूर्व मंत्री ने संन्यास लिया

कर्नाटक में भाजपा की लिस्ट आने के बाद इस्तीफों की झड़ी:पूर्व डिप्टी सीएम और विधायक ने पार्टी छोड़ी, पूर्व मंत्री ने संन्यास लिया
दूसरी लिस्ट के बाद भी पूर्व CM जगदीश शेट्टार के नाम की घोषणा नहीं की गई है। शेट्टार हुबली-धारवाड़ से विधायक हैं। उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि पार्टी ने उन्हें चुनाव नहीं लड़ने के लिए कहा है। टिकट न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस बयान के बाद उन्हें दिल्ली बुलाया गया, जहां उन्होंने बुधवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।

 

बेंगलुरु । कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर भाजपा के तीन विधायकों ने पार्टी से किनारा कर लिया है। भाजपा ने दो लिस्ट जारी करके 212 कैंडिडेट्स के नाम की घोषणा की थी। 212 सीटों पर 19 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं। इसे लेकर पूर्व डिप्टी सीएम लक्ष्मण सवाडी ने बुधवार और विधायक एमपी कुमारस्वामी ने गुरुवार को पार्टी छोड़ दी।

वहीं पूर्व मंत्री केएस ईश्वरप्पा लिस्ट जारी होने से पहले ही चुनावी राजनीति से संन्यास ले चुके हैं। यानी वे राजनीति में तो रहेंगे, लेकिन चुनाव नहीं लड़ेंगे। ऐसा भी कहा जा रहा है कि उनकी उम्र 72 साल हो गई है। ऐसे में बीजेपी उन्हें मार्गदर्शक मंडल में ले सकती है।

शेट्टार ने भाजपा अध्यक्ष से की मुलाकात, विधायक रघुपति भी नाराज
दूसरी लिस्ट के बाद भी पूर्व CM जगदीश शेट्टार के नाम की घोषणा नहीं की गई है। शेट्टार हुबली-धारवाड़ से विधायक हैं। उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि पार्टी ने उन्हें चुनाव नहीं लड़ने के लिए कहा है। टिकट न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस बयान के बाद उन्हें दिल्ली बुलाया गया, जहां उन्होंने बुधवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।

वहीं, उडुपी से विधायक रघुपति भट्ट को भी इस बार पार्टी ने टिकट नहीं दिया है, जिसे लेकर वे काफी भावुक हैं। भट्ट को इस बात का ज्यादा दुख है कि उन्हें इस बात की जानकारी टीवी चैनलों से मिली। उन्होंने कहा-अगर उनकी जाति की वजह से उन्हें टिकट नहीं दिया गया है तो वह इसे स्वीकार नहीं कर सकते हैं।

ईश्वरप्पा का संन्यास, शिवमोगा में नगर निगम में 21 सदस्यों के इस्तीफे
पूर्व मंत्री केएस ईश्वरप्पा के संन्यास के बाद शिवमोगा में नगर निगम के 19 सदस्यों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मेयर और डिप्टी मेयर ने भी पद छोड़ दिया है। शिवमोगा के जिला अध्यक्ष ने भी ईश्वरप्पा के समर्थन में इस्तीफा दिया है।

बता दें कि तत्कालीन ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री (RDPR) केएस ईश्वरप्पा पर मंत्री पद पर रहते हुए 40% कमीशन लेने का आरोप लगा था। ठेकेदार संतोष पाटिल ने उन पर आरोप लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद उन्हें अप्रैल 2022 में मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि जांच के बाद उन्हें क्लीन चीट दे दी गई थी।

KGF सीट से अश्विनी संपांगी चुनाव लड़ेंगे
कोलार गोल्ड फील्ड (KGF) से भाजपा ने अनुसूचित जाति के उम्मीदवार अश्विनी संपांगी को मैदान में उतारा है। दावणगेरे उत्तर से मौजूदा विधायक रवींद्रनाथ का टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह लोकीकेरे नागराज को उम्मीदवार बनाया गया है।

बिंदूर के मौजूदा विधायक सुकुमार शेट्टी का नाम भी दूसरी लिस्ट में नहीं है। उनकी सीट से गुरुराज गुंटूर को टिकट दिया गया है। हावेरी से नेहरू ओलेकर की जगह गवीसिदप्पा को मैदान में उतारा गया है। चामुंडेश्वरी से JDS विधायक जीटी देवेगौड़ा के दामाद रामचंद्र गौड़ा को टिकट दिया गया है।

BJP कैंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट देखें...

भाजपा ने पहली लिस्ट में 189 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी की थी
BJP ने मंगलवार रात कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 189 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी की थी। इसमें सिर्फ 8 महिलाएं थीं। CM बसवराज बोम्मई शिगगांव से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व CM बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र अपने पिता के शिकारीपुरा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

वहीं, टिकट न मिलने पर कर्नाटक के पूर्व डिप्टी सीएम लक्ष्मण सवादी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने बुधवार को कहा था कि मैं गुरुवार को और कड़ा फैसला लूंगा और शुक्रवार को अपना काम शुरू कर दूंगा। उनके इस्तीफे को लेकर राज्य के कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा है कि वे उनके संपर्क में नहीं हैं।

कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डी शिवकुमार के खिलाफ लड़ेंगे मंत्री आर अशोक
BJP के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि अपनी परंपरागत चिकमंगलूर सीट से चुनाव लड़ेंगे। मंत्री आर अशोक को दो सीटों से मैदान में उतारा जा रहा है। वे राज्य के कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार के खिलाफ कनकपुरा से और इसके अलावा पद्मनाभनगर सीट से भी चुनाव लड़ेंगे।

मंत्री वी सोमन्ना भी दो सीटों पर अपनी किस्मत आजमाएंगे। वरुणा सीट से उनका मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से होगा। पार्टी ने उन्हें चामराजनगर से भी टिकट दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर के. चिक्कबल्लापुर सीट तो मंत्री डॉ. अश्वथनारायण सीएन मल्लेश्वरम सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। BJP ने OBC से 32, SC से 30, ST से 16 और 5 वकीलों को टिकट दिया है।

Share this story