7 महीने बाद कोरोना के डेली केस 6 हजार पार:24 घंटे में 6,050 मरीज मिले, 14 मौतें; केंद्र-राज्यों की समीक्षा बैठक शुरु

7 महीने बाद कोरोना के डेली केस 6 हजार पार

Newspoint24/newsdesk/एजेंसी इनपुट के साथ

नई दिल्ली। देश में कोरोना मरीजों की संख्या में एक बार फिर से इजाफा होने लगा है। पिछले 24 घंटे में देश में 6,050 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 14 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस का आंकड़ा भी 28 हजार 303 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया शुक्रवार दोपहर 12 बजे से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे हैं।

मांडविया ने देश में कोरोना की स्थिति पर कहा कि हमें सतर्क रहने की जरूरत है, घबराने की नहीं। वर्तमान में, ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट देश में फैल रहा है। इसमें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं होती है। इससे पहले बुधवार को कोविड इम्पावरमेंट वर्किंग ग्रुप ने भी समीक्षा बैठक की थी।

मार्च के मुकाबले अप्रैल में तेजी से बढ़ रहे केस
कोरोना के डेली केस में इजाफा तेज हो गया है। फिलहाल पॉजिटिविटी रेट 3.39% है। मार्च के 31 दिनाें में कोरोना के 31,902 केस सामने आए थे। इसके मुकाबले अप्रैल के 6 दिनों में ही 26,523 नए केस मिल हैं।

अगर औसत देखें तो मार्च में रोजाना औसतन 1 हजार नए केस मिले थे, जबकि अप्रैल में रोजाना औसतन 4 हजार मामले आ रहे हैं। अगर संक्रमण दर यही रही तो अप्रैल में 1.20 लाख नए मामले आने की आशंका है। हालांकि, रोजाना जिस हिसाब से नए केस बढ़ रहे हैं, उसके मुताबिक अप्रैल के कुल केस इससे ज्यादा हो सकते हैं।

टॉप-5 राज्यों में दो-तिहाई नए केस, केरल सबसे आगे
देश में पिछले 24 घंटे में मिले 6,050 नए केस में से 4,037 सिर्फ 5 राज्यों में मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन्हें शुक्रवार को जारी किया है। इनमें केरल सबसे आगे है। यहां 1,936 नए केस मिले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 803, दिल्ली में 606, हिमाचल प्रदेश में 367 और गुजरात में 327 केस सामने आए हैं।

केरल: यहां 1,936 नए केस मिले हैं, जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई है। 742 लोग ठीक भी हुए हैं। इससे पहले 22 सितंबर को 2300 मामले सामने आए थे।

महाराष्ट्र: यहां बीते दिन 803 नए केस मिले हैं, 687 लोग ठीक हुए जबकि 3 लोगों की मौत हुई। बुधवार को यहां 569 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.05% है।

दिल्ली: यहां बीते दिन 606 नए मामले सामने आए और एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 340 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। एक्टिव केस 2,060 हो गए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 16.98% है।

हिमाचल प्रदेश: यहां गुरुवार को 367 नए केस सामने आए हैं, जबकि 1 की मौत हुई है और 138 लोग ठीक हुए हैं। फिलहाल राज्य में 1,933 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.31% हो गया है।

गुजरात: यहां 327 नए केस मिले हैं, 1 व्यक्ति की मौत हुई है और 360 लोग ठीक हुए हैं। बुधवार को यहां 351 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.45% है।

 

Share this story